रेवाड़ी | हरियाणा में लोगों को सुलभ दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने की दिशा में एक और अच्छी खबर सामने आई है. इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि हमारी सरकार ने पूरे राज्य में राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय खोलने का फैसला लिया है और फिलहाल पहले चरण में 5 जिलों में 26 आयुष औषधालय खोलने की सीएम नायब सैनी द्वारा मंजूरी प्रदान की गई है.
उन्होंने आगे बताया कि शेष जिलों में जल्द ही मैपिंग करवाकर आयुष औषधालय खोले जाएंगे. आयुष औषधालय भारत की पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों को सुरक्षित, सस्ता और सुलभ बनाकर एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में मदद करते हैं. इससे राज्य के लोगों को सस्ता और सुलभ इलाज मिलने में आसानी हो जाएगी.
हरियाणा में इन जगहों पर खुलेंगे आयुष औषधालय
कैबिनेट मंत्री आरती राव ने बताया कि रेवाड़ी जिले के 5 गांवों लिसान, करवारा मानकपुर, रोहड़ाई, जयसिंहपुरा, झाबुवा और महेंद्रगढ़ जिला के 6 गांवों सुरजनवास, गुढ़ा, बुचावास, बावनिया, रामबास, रसूलपुर, करनाल जिले के 1 गांव फफड़ाना, कुरुक्षेत्र जिले के 4 गांव अजराना कला, कालसा, नलवी, मोहरी तथा यमुनानगर जिला के 10 गांव महियुद्दीनपुर, रतनगढ़, भांगड़ा, तलकपुर, खुर्दबन, ताजेवाला, हड़ौली, लेडी, कोट बासवा सिंह और गांव डारपुर में राजकीय आयुष औषधालय खोले जाएंगे.
आयुष पद्धति को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार आयुष पद्धति को बढ़ावा दे रही है. राज्य में आयुष सेवाओं को और ज्यादा मजबूत किया जा रहा है. कुरुक्षेत्र में आयुष विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है. हमारी सरकार राज्य की जनता के स्वास्थ्य के सुधार के लिए प्रतिबद्ध है.
