नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण के तहत DMRC ने मजलिस पार्क- मौजपुर और दीपाली चौक- मजलिस पार्क सेक्शन पर मेट्रो परिचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली है. अच्छी खबर यह है कि इन दोनों सेक्शनों पर CMRS ने यात्रियों के लिए मेट्रो संचालन को मंजूरी प्रदान कर दी है.
इन दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 22.218 किलोमीटर हैं. इसमें 12 किलोमीटर से ज्यादा लंबी मजलिस पार्क- मौजपुर लाइन पर 8 नए स्टेशन बनाए गए हैं. दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर Phase- 4 के जनकपुरी पश्चिम आरके- आश्रम मार्ग कॉरिडोर का हिस्सा है, जो मजेंटा लाइन का विस्तार है.
प्रधानमंत्री करेंगे उद्घाटन
मजेंटा लाइन फिलहाल बोटेनिकल गार्डन से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन तक संचालित है जबकि कृष्णा पार्क से दीपाली चौक तक निर्माण कार्य जारी है. सात नए स्टेशन और लगभग 10 किलोमीटर का नया मार्ग दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक तैयार है. DMRC ने बताया कि अब अंतिम रूप से उद्घाटन तारीख घोषित होने का इंतजार है. सूत्रों की मानें तो इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन सेक्शन का उद्घाटन कर सकते हैं.
मजलिस पार्क बनेगा इंटरचेंज हब
इन सेक्शनों पर मेट्रो शुरू होने पर मजलिस पार्क स्टेशन पिंक लाइन और मजेंटा लाइन दोनों का इंटरचेंज स्टेशन बन जाएगा. इस विस्तारित नेटवर्क में बादली मोड़ और हैदरपुर भी महत्वपूर्ण इंटरचेंज स्टेशनों में शामिल होंगे. मजलिस पार्क- मौजपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली में पहली बार रिंग मेट्रो (गोलाकार मार्ग) का सपना साकार होगा जिससे पिंक लाइन 71 किलोमीटर से ज्यादा लंबी हो जाएगी. इस लाइन से बुराड़ी, सोनिया विहार, भजनपुरा जैसे क्षेत्रों के लिए सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत होगी मिलेगी, सफर के समय में बचत आएगी और नोएडा- गाजियाबाद के लिए यात्रा करना आरामदायक हो जाएगा.
दीपाली चौक- मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन विस्तार) कॉरिडोर से उत्तर- पश्चिमी दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. इससे पीतमपुरा, प्रशांत विहार और मजलिस पार्क जैसे क्षेत्रों को सीधे पिंक व येलो लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी. यह 9 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर यात्रा समय कम करेगा और रिंग रोड के ट्रैफिक दबाव कम करने में मददगार साबित होगा.
