कैथल | हरियाणा सरकार राज्य में सड़क नेटवर्क ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में सरकार द्वारा कैथल जिले के गुहला क्षेत्र में करीब 57 प्रमुख सड़कों का सुधारीकरण कराया जाएगा. इस परियोजना पर कुल 70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
कई लोगों को लग चुकी है चोट
पिछले 5 वर्षों से क्षेत्र की अधिकांश सड़के बेहाल पड़ी हुई है. कई स्थानों पर गड्डे पड़े हुए है और मिट्टी उड़ रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है, क्योंकि फिसलन और गड्ढों के कारण कई लोगों को चोट लगी है. बारिश के मौसम में जलभराव और कीचड़ से हालात और बिगड़ जाते है.
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने लंबे समय से इन सड़कों को दुरस्त करने की मांग की थी. क्षेत्र के विधायक देवेंद्र हंस ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उनके प्रयासों के बाद विभाग ने सर्वे कर प्रस्ताव तैयार किया और सरकार से मंजूरी प्राप्त की.
इन प्रमुख सड़कों पर होगा सुधार
इस योजना के अंतर्गत चीका रोड से दिल्लू राम रेडा, कैथल – पटियाला रोड से रेडा बावलपुर, पापसर से ककराला व डेरा बाजीगर, अधोया मेगरान से अजीत नगर, भागल – बुदनपुर रोड से डेरा मुल्लांपुर, खेड़ी दाबन से डेरा हरचंदपुरा, लैडर कीमा से बुढ़ाखेड़ा, आंधली से लैडर पीरजादा, गुहला खरका से थेह खरक, कसौर, शाहजहापुर से बेल बेहड़ा, अजीमगढ़ से समाना रोड़ व अन्य शामिल है.
विभाग का कहना है कि इन सड़कों को फिर से बनाकर गड्ढों व खराब हिस्सों को हटाया जाएगा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधा तथा सुरक्षित आवागमन सुरक्षित हो सकेगा. इन सड़कों के निर्माण से न केवल दैनिक यातायात में सुधार आएगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
