खुशखबरी: खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली से हरियाणा होते हुए चलेगी स्पेशल ट्रेन; फटाफट देखें टाइमिंग व स्टॉपेज

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र सहित दक्षिण हरियाणा से खाटूश्याम श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. खाटूश्याम मंदिर पर लगने वाले वार्षिक फाल्गुनी मेले पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे ने 20- 23 फरवरी तक दिल्ली सराय रोहिल्ला- रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया है.

Indian Railways Train 2

यह रहेगा शेड्यूल

ट्रेन नंबर 04401, दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से शाम 07.10 बजे रवाना होकर 07.48 बजे गुरुग्राम, 08.20 बजे पटौदी रोड, 12.45 बजे रींगस और 02.30 बजे फुलेरा पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04402, सुबह 11.40 बजे फुलेरा से रवाना होकर 12.45 बजे रींगस, 04.08 बजे रेवाड़ी, साढ़े 4 बजे पटौदी, 5 बजे गुरुग्राम और 06.05 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन पर आगमन करेगी.

बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, नीम का थाना, श्रीमाधोपुर, रींगस जंक्शन और रेनवाल स्टेशनों पर ठहराव करेगी. 17 कोच वाली यह ट्रेन पूरी तरह से अनारक्षित रहेगी. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन के अलावा एक और अन्य ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा. ट्रेन नंबर 09713/14, भी 1 मार्च तक इसी समय-सारणी के हिसाब से संचालित होगी.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना

श्रद्धालुओं ने जताई खुशी

दैनिक रेल यात्री संघ पटौदी रोड के अध्यक्ष योगेंद्र चौहान ने इस सुविधा का स्वागत करते हुए भारतीय रेलवे का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से खाटूश्याम मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत पहुंचेगी. योगेंद्र चौहान ने कहा कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस ट्रेन का नियमित रूप से संचालन किया जाना चाहिए ताकि इलाके के लोगों को परमानेंट राहत मिल सके.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.