भिवानी | हरियाणा के भिवानी जिले से शिक्षा के क्षेत्र में एक गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि भिवानी के गांव मुंढाल की बहु सरिता का चयन सहायक प्रोफेसर के पद पर हुआ है. सरिता ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है.
भिवानी की बहु पहले भी हासिल की उपलब्धि
सरिता की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इससे पहले वर्ष 2025 में भी उनका चयन HPSC के माध्यम से PGT भूगोल के पद पर हुआ था लेकिन अब सहायक प्रोफेसर के पद पर चयन होने से उनकी उपलब्धियों में एक ओर बड़ा मुकाम जुड़ गया है.
परिजनों को दिया सफलता का श्रेय
परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों ने सरिता को इस सफलता पर बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और बहुओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. सरिता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता- पिता, ससुराल पक्ष और विशेषकर अपने पति विकास के लगातार सहयोग को दिया है. सरिता का कहना है कि यदि इरादे मजबूत हो तो कोई भी बाधा रोक नहीं सकती है.
एक ही साल में दो राजपत्रित पदों पर चयनित होने पर खुशी जाहिर करते हुए सरिता ने कहा कि यदि आप निरंतर परिश्रम करते हैं तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है. निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. आप रोज 7- 8 घंटे पढ़ाई करते हैं तो चरणबद्ध तरीके से अपनी तैयारियों को अमलीजामा पहनाते हैं तो सफलता ज्यादा दिन दूर नही रह सकती है.
अपने आप में मंजिल को हासिल करने का हौसला बनाए रखना बहुत जरूरी है. किसी भी बड़ी सफलता को हासिल करने में घरवालों का बहुत बड़ा सपोर्ट चाहिए होता है और मेरे परिजनों ने हर कदम पर मेरा सहयोग किया है और आज उसके सकारात्मक परिणाम सबके सामने है.
