चंडीगढ़ | हरियाणा में मार्च के आखिर में बढ़ती गर्मी के बीच हल्की- फुल्की बारिश ने लोगों को थोड़ी राहत प्रदान की है. मौसम विभाग के अनुसार 30 मार्च को तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई, लेकिन मौसम सामान्य के करीब ही रहा. राज्य में सबसे अधिक तापमान नूहं जिले में दर्ज किया गया जोकि 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा. न्यूनतम तापमान की बात करे तो यह नारनौल और भिवानी जिले में दर्ज किया गया जो कि 18 डिग्री सेल्सियस रहा.
हरियाणा में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने आज राज्य के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है. इसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूहं, पलवल, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल है. बारिश ने किसानों की चिंता को भी बढ़ा दिया है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कई जिलों में गेहूं की फसल की कटाई चल रही है और तेज हवा व बारिश से गेहूं का दाना हल्का पड़ रहा है.
क्या है मौसम का पूर्वानुमान?
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आज हरियाणा के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. 1 अप्रैल को तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन मौसम सुहावना रहेगा. 2 अप्रैल को कई जिलों में हल्के बादल छा सकते है और 3 अप्रैल को हल्की व मध्यम बारिश की संभावना है. 4 अप्रैल को आंशिक बादल छाएं रह सकते है. 5 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा. अप्रैल के पहले पखवाड़े में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
किसानों को सलाह
किसानों के लिए सलाह है कि वे गेहूं की फसल में पीले रतुए नामक बीमारी की नियमित निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें. वही तेज बारिश व आंधी के दौरान कच्चे छप्पर के नीचे ठहराव ना करें और बिजली खंभों से दूर रहे. पशुओं को भी घर के अंदर बांध कर रखे.
