नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि गर्मी सीजन की शुरुआत हो चुकी है और इस समय किसी चीज की सबसे ज्यादा जरूरत रहती है तो वह पानी है. इसी पानी को लेकर दिल्ली से जुड़ी यह खबर हैं जहां कुछ इलाकों में 2 दिन तक जलापूर्ति बाधित रहने वाली है.

पानी को लेकर झेलनी होगी परेशानी
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की ओर से बताया गया है कि अंडरग्राउंड रिजरवायर और बूस्टर पंपिंग स्टेशन की वार्षिक सफाई (फ्लशिंग) के चलते 10 और 11 अप्रैल को मंगोलपुरी क्षेत्र के कुछ इलाकों में जलापूर्ति बाधित रहने वाली है. दिल्ली जल बोर्ड के इस कार्य के चलते 10 अप्रैल यानि आज मंगोलपुर कलां गांव, मुबारकपुर और कराला गांव में जलापूर्ति बाधित रहेगी.
11 अप्रैल यानि कल मंगोलपुर कलां गांव में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी. दिल्ली जल बोर्ड ने संबंधित इलाकों के लोगों से आग्रह करते हुए कहा है कि वे अपनी जरूरत के हिसाब से पहले ही पानी स्टोर करके रखें ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी झेलने से बचा जा सके. व्यर्थ पानी का बहाव करने से बचें और सोच-समझकर पानी का इस्तेमाल करते हुए जल बोर्ड का सहयोग करें.
इन नंबरों पर करें संपर्क
दिल्ली जल बोर्ड ने बताया है कि आपात स्थिति के लिए पानी के टैंकरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इसके लिए कुछ नंबर जारी किए गए हैं जिनपर संपर्क कर पानी के टैंकर मंगवा सकते हैं.
सेंट्रल कंट्रोल रूम: 1916, 23527679, 23538495
मंगोलपुरी: 27294132, 27915531