नई दिल्ली | देशभर में वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी अपने निजी वाहन से सफर करते हैं तो एक बार टोल प्लाजा की इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. बता दें कि 10 अप्रैल यानि आज से नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स का भुगतान नकदी से करने की प्रक्रिया बंद हो रही है.

नकद भुगतान पर लगी रोक
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने बताया कि अब देशभर के नेशनल हाईवे पर टोल टैक्स भुगतान नकद पैसों से नहीं होगा और UPI से भुगतान ही एकमात्र विकल्प रहेगा. हालांकि, इस प्रकिया से भुगतान करने पर ज्यादा टोल टैक्स चुकाना पड़ेगा. हाल ही में केंद्रीय सड़क मंत्रालय के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के मुताबिक, यदि कोई वाहन Fastag के बिना टोल प्लाजा में एंट्री करता है तो वह UPI के जरिए टोल टैक्स का भुगतान कर सकता है लेकिन उसे टोल टैक्स का 1.25 गुना भुगतान करना पड़ेगा.
लंबी कतारों से मिलेगा छुटकारा
NHAI ने बताया कि इस कदम से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा. वाहन टोल प्लाजा पर ठहराव किए बिना सीधे गुजर सकेंगे जिससे न केवल टोल प्लाजा के जाम से निजात मिलेगी बल्कि यात्रा के समय में भी कमी आएगी. इस कदम का उद्देश्य नेशनल हाईवे पर यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाना है. उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नकद भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा. Fastag टोल टैक्स भुगतान का सबसे पहला विकल्प रहेगा और वैध Fastag के बगैर आने वाले वाहनों के लिए UPI भुगतान का विकल्प रहेगा. हालांकि, इसमें उन्हें ज्यादा टोल टैक्स भुगतान करना पड़ेगा.