चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने सफाई अभियान के प्रति जागरुकता दिखाते हुए अहम पहल की शुरुआत की है. बता दें कि राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने की योजना बनाई है. इसके अनुसार अब राज्य के सभी शहरों में घरों के बाहर RFID टैग लगाए जाएंगे, जिसकी सहायता से कचरा उठान की रियल- टाइम की निगरानी की जा सकेगी.

GPS आधारित व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम को भी मजबूत किया जाएगा ताकि कचरा उठाने वाली गाड़ियों की नियमित जांच हो सके.
हरियाणा बना पहला राज्य
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन से जुड़े कार्यों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मॉनिटर किया जाए. इसके अनुसार हर घर, दुकान और संस्थान पर RFID टैग लगाया जाएगा. इससे कचरा उठाने वाली गाड़ी स्कैन करेगी. इसके माध्यम से यह रिकॉर्ड रहेगा कि किस स्थान से कचरा उठाया गया है और कहां से नहीं उठाया गया.
नई व्यवस्था के माध्यम से हरियाणा पहला ऐसा राज्य बना है, जहां ऑनलाइन माध्यम से पूरे प्रदेश में वेस्ट मैनेजमेंट की जांच की जा रही है. इस पोर्टल के माध्यम से लोग अपने एरिया में कचरा उठाने वाली गाड़ियों की लाइव लोकेशन भी देख सकते है. मुख्यमंत्री ने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घरों के बाहर लगाए गए RFID टैग को सुरक्षित रखें.
लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई
नई व्यवस्था से लोग अपने क्षेत्र में गाड़ियों पर नजर रख सकेंगे और यदि समय पर कचरा नहीं उठाया जाता है तो ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकेंगे. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. बिल कैलकुलेशन और कचरा प्रबंध से जुड़े भुगतान को भी RFID पोर्टल से जोड़ा जाएगा ताकि समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सके.