पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि पंचकूला बस अड्डे से चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन तक सीधी बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी हो गई है. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के पंचकूला साइड पर बस स्टॉप भी तैयार कर लिया गया है, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. जल्द ही, पंचकूला की बसें स्टेशन पर आने लगेंगी.

निजी वाहनों पर निर्भरता कम
अब तक यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए ऑटो या टैक्सी का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें ज्यादा किराए का भुगतान करना पड़ता था. नई बस सेवा शुरू होने से सफर सस्ता और आसान हो जाएगा.
अभी रोड की कनेक्टिविटी का कार्य जारी है. सड़क निर्माण पूरा होने पर पंचकूला की तरफ से बसों का आवागमन शुरू हो जाएगा. फिलहाल केवल एक ही बस पंचकूला से स्टेशन तक आ रही है. आने वाले दिनों में जैसे ही यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, वैसे ही अधिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा, जिससे स्टेशन पर आने व जाने वाले यात्रियों को बस स्टॉप से सीधी बस मिलेगी.
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मिलेगा बढ़ावा
इस नई व्यवस्था से पंचकूला की तरफ से पिंजौर, कालका और आसपास के यात्रियों के लिए फायदा होगा. यह उन लोगों के लिए भी राहत भरी खबर है जो रोजाना ट्रेन पकड़ने के लिए पंचकूला से चंडीगढ़ आते- जाते है. इससे पहले पंचकूला की तरफ से पब्लिक ट्रांसपोर्ट न होने के कारण यात्रियों को स्पेशल टैक्सी या ऑटो लेना पड़ता था, जिससे खर्चा ज्यादा होता था. अब इस सुविधा से यात्रियों को लाभ मिलेगा और पब्लिक ट्रांसपोर्ट को भी बढ़ावा मिलेगा.