नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है. बता दें कि केंद्र सरकार ने राजधानी के 3 प्रमुख नेशनल हाईवे कॉरिडोर को सिग्नल- फ्री बनाने की योजना बनाई है. इस योजना के तहत नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को इन 3 मार्गों को सिग्नल- फ्री बनाने की जिम्मेदारी दी गई है. इससे न केवल दिल्ली के लोगों को जाम से राहत मिलेगी, बल्कि दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद और बहादुरगढ़ के बीच आवागमन बेहतर होगा.

इन 3 मुख्य कॉरिडोर पर होगा काम
- मथुरा रोड- इंडिया गेट से बदरपुर जाने वाला यह मार्ग 15 किलोमीटर लंबा है और यह मार्ग दक्षिण दिल्ली को फरीदाबाद और आगरा से जोड़ता है. इंडिया गेट से शुरू होने पर 500 मीटर की दूरी पर पहली लालबत्ती है. इसके बाद लगातार 7 लालबत्तियां है, जिसके कारण लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है.
- रोहतक रोड- यह रोड पंजाबी बाग से पीरागढ़ी होते हुए हरियाणा बार्डर तक जाता है. यहां बाहरी वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है. इस मार्ग की लंबाई लगभग 17 किलोमीटर है. इस मार्ग पर कुल 6 लालबत्तियां है. इसमें पीरागढ़ी, नांगलोई, मुंडका और टीकरी बार्डर लालबत्तियां शामिल है.
- MG रोड- दिल्ली और गुरुग्राम के बीच चलने वाला यह मार्ग काफी व्यस्त मार्ग है. लगभग 18 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 4 लालबत्तियां है, जिसमें सुल्तानपुर, घिटोरनी, अर्जनगढ़ और सिकंदरपुर प्रमुख लालबत्तियां शामिल है.
लोगों को फायदा
इन कॉरिडोर के सिग्नल- फ्री होने से लोगों को लंबे जाम से छुटकारा मिलेगा और यात्रा करने में कम समय लगेगा. इसके साथ ही, कई रूट पर 1 घंटे का सफर घटकर करीब 15 मिनट तक का रह जाएगा. इन कॉरिडोर से दिल्ली- एनसीआर में ट्रैफिक का बेहतर मैनेजमेंट होगा. वाहनों के कम जगह रुकने से ईंधन की खपत घट जाएगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी.