कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में हुई एक शादी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सुर्खियां बटोर रही है. 3- 3 फीट हाइट के दूल्हा और दुल्हन की इस शादी में पूरे गांव के लोगों ने शिरकत की. हर कोई इस शादी को देखने के लिए बेताब हो रहा था. खास बात यह रही कि दूल्हा बुलेट मोटरसाइकिल पर डांस करते हुए अपनी दुल्हन को लेने पहुंचा था.

गर्मजोशी से हुआ स्वागत
गांव चंदाना निवासी 3 फीट हाइट के 26 वर्षीय विक्रम की 3 फीट हाइट की ही जींद जिले के गांव हाट निवासी 25 वर्षीय प्रियंका के साथ हुई शादी पूरे इलाके में हर किसी की जुबान पर बनी हुई है. गांव में जैसे ही दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर पहुंचा तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. किसी ने नवविवाहित जोड़े के साथ सेल्फी ली तो किसी ने उन्हें आशीर्वाद दिया.
रविवार देर रात जब विक्रम अपनी दुल्हन प्रियंका को लेकर घर पहुंचा तो परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यार- दोस्तों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े का गर्मजोशी से स्वागत किया. लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लालयित हो रहे थे.
26 वर्षीय विक्रम ने बताया कि कम हाइट के चलते उनकी शादी नहीं हो रही थी. पहले भी कुछ रिश्ते आए थे, लेकिन परिवार ने उस समय शादी नहीं की क्योंकि उसके बड़े भाइयों की शादी बाकी थी. बाद में रिश्ते मिलने मुश्किल हो गए. वहीं, परिवार भी लगातार अपनी जाति की लड़की की तलाश कर रहा था. आखिरकार जींद जिले के गांव हाट में प्रियंका से विवाह हुआ.
बेटे की शादी की अपार खुशी
विक्रम ने बताया कि वह जागरण मंडली में काम करता है. कार्यक्रमों में जाते समय भी लोग उसके रिश्ते की चर्चा करते थे, लेकिन उसने परिवार की जिम्मेदारियों को पहले रखा. बड़े भाई-बहनों की शादी होने के बाद उसने खुद शादी करने का फैसला लिया. पिता दर्शन लाल ने कहा कि बेटे की शादी से पूरे परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है. उन्हें अपने बेटे का घर बसने की अपार खुशी है.