हिसार | हरियाणा में सड़क नेटवर्क का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सूबे की नायब सैनी सरकार ने पिछले साल अत्यधिक जलभराव से खराब हुएं हिसार- मंगाली- स्याहड़वा सडक़ मार्ग की विशेष मरम्मत को स्वीकृति प्रदान कर दी है.

दर्जनों गांवों का सफर होगा सुहाना
लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि इस सडक़ मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए 3 करोड़ 9 लाख 24 हजार रुपये की राशि मंजूर की गई है. पिछले साल हुई अत्यधिक बारिश और जलभराव के कारण यह सडक़ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे इस मार्ग से जुड़े अनेक गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने बताया कि सडक़ की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता था. अब इस सडक़ मार्ग की विशेष मरम्मत होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सडक़ मार्ग की स्थिति सुधरने से हिसार क्षेत्र के आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का सफर अधिक सुरक्षित व सुगम बनेगा.
जल्द पूरा होगा प्रोजेक्ट
उन्होंने बताया कि इस सड़क मार्ग की विशेष मरम्मत के लिए मेंटेनेंस पॉलिसी और डीएलपी की शर्तों में भी छूट दी गई है ताकि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जा सके. सरकार का उद्देश्य है कि आम जनता को बेहतर सडक़ सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में किसी प्रकार की बाधा न आएं. इस सड़क मार्ग के चकाचक होने से लोगों का सफर आरामदायक और सुरक्षित हो जाएगा.