नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में पश्चिमी दिल्ली की सबसे बिजी और प्रमुख सड़कों में से एक पंखा रोड से ट्रैफिक जाम का मकड़जाल हटाने की योजना बनाई गई है. यह सड़क मार्ग पश्चिमी दिल्ली को नई दिल्ली, दिल्ली कैंट, डाबरी और IGI एयरपोर्ट से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है लेकिन पिछले कुछ सालों से यहां पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होने लगी है.

एलिवेटेड कॉरिडोर का होगा निर्माण
मौजूदा हालात ऐसे हैं कि पंखा रोड फ्लाईओवर से डाबरी फ्लाईओवर की ओर जाते समय महज 400 मीटर के दायरे में तीन ट्रैफिक सिग्नल (पहला D ब्लॉक, दूसरा अग्रवाल स्वीट्स, तीसरा डेसू कॉलोनी) पड़ते हैं. इस छोटी सी दूरी को तय करने में 20-25 मिनट का समय लग जाता हैं, जो लोगों को मानसिक रूप से तनावग्रस्त कर रहा है.
लोगों की इस समस्या को दूर करने के उद्देश्य से यहां डेसू कॉलोनी से जनकपुरी D ब्लॉक (डाबरी मोड़ से करियप्पा मार्ग) के बीच करीब 1.5 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इसके निर्माण से बीच में पड़ने वाली तीनों लालबत्तियां पूरी तरह से खत्म हो जाएगी और यह रूट बिल्कुल सिग्नल फ्री हो जाएगा.
रोजाना के जाम से मिलेगा छुटकारा
लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. इस परियोजना पर तेज गति से काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए 2 करोड़ रुपए का वित्तीय आवंटन किया जा चुका है.
इस परियोजना की DPR तैयार करने के लिए नियुक्त की गई सलाहकार कंपनी की रिपोर्ट भी अब अपने अंतिम चरण में है. इस परियोजना के पूरा होने पर न सिर्फ लोगों का कीमती समय बचेगा बल्कि ईंधन की खपत और प्रदुषण में भी भारी कमी आएगी. पश्चिमी दिल्ली में रहने वाले खासकर जनकपुरी और द्वारका एक्सप्रेसवे के निवासियों को रोज- रोज के ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी.