कैथल | हरियाणा के कैथल जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां के नागरिक अस्पताल में C- ARM मशीन स्थापित की गई है. इस मशीन के आने से अब मरीजों को मुफ्त में ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी. यदि किसी दुघर्टना या किसी बीमारी के कारण व्यक्ति को हड्डियों की समस्या होती है, तो उसका मुफ्त इलाज सरकारी अस्पताल में ही होगा.

रोजाना आते हैं 25 से 30 मरीज
नई मशीन के आने के बाद अब मरीजों को हड्डियों के ऑपरेशन के लिए महंगे इलाज या प्राइवेट अस्पताल में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि अब मरीज सिविल अस्पताल में आकर इलाज करवा सकते है. दरअसल कैथल के सिविल अस्पताल में हर रोज 25 से 30 मरीज ऐसे आते है, जिन्हें हड्डियों की दिक्कत होती है. सामान्य इलाज जैसे दवाई और प्लास्टर अस्पताल में उपलब्ध है लेकिन जिन्हें ज्यादा समस्या होती है उन्हें प्राइवेट अस्पताल में रेफर करना पड़ता है, जहां उन्हें हजारों रुपए खर्च करने पड़ते है. ऐसे में इस मशीन के आने से लोगों को पैसे की बचत होगी और सरकारी सुविधाएं मजबूत होगी.
ऑर्थो विशेषज्ञ की सुविधा
इस नई मशीन के आने से जहां बिल मुफ्त होगा, वहीं सही मशीन के जरिए इलाज होने से मरीज को ब्लड लॉस भी कम होगा, क्योंकि C-ARM मशीन ऑपरेशन के दौरान हड्डियों की लाइव एक्स- रे इमेज दिखाती है, जिससे सर्जन को सही पोजिशन देखने में मदद मिलती है. इससे ऑपरेशन में कम समय लगता है और रिकवरी बेहतर होती है.
अस्पताल में मशीन स्थापित कर दी गई है और मरीज आकर अपना इलाज करवा सकते है. यहां इसके लिए ऑर्थो विशेषज्ञ और स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है- डॉ. रेनू चावला, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग