नई दिल्ली | समर वेकेशन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा देश के कई प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है ताकि यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा सके. इसी कड़ी में जालोर- दिल्ली स्पेशल ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है. रेलवे का कहना है कि इससे नियमित ट्रेनों से यात्री दबाव कम करने में मदद मिलेगी.

जालोर- दिल्ली स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
ट्रेन नंबर 04875, जालोर- दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 मई से शुरू हो चुका है. यह ट्रेन जालोर से शाम साढ़े 4 बजे रवाना होकर अगले दिन रात डेढ़ बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद रवाना होकर सुबह साढ़े 3 बजे अलवर और 05.13 बजे रेवाड़ी पहुंचते हुए सुबह 07.15 बजे दिल्ली पहुंचेगी. बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में मोकलसर, समदडी, लूनी, पाली मारवाड, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर व रेवाडी में ठहराव करेगी.
भुज- दिल्ली- भुज एक्सप्रेस ट्रेन का शेड्यूल
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि भुज- दिल्ली- भुज एक्सप्रेस प्रतिदिन नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई गई है. ट्रेन नंबर 19403, भुज- दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन 23 मई से भुज से सवा 11 बजे रवाना होकर अगले दिन 11.45 बजे दिल्ली पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 19404, दिल्ली- भुज एक्सप्रेस प्रतिदिन 24 मई से दिल्ली से शाम 04.40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 07.35 बजे भुज पहुंचेगी.
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में अंजार, गांधीधाम, बचाउ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर एवं रेवाड़ी स्टेशनों पर ठहराव करेगी. इनमें एक सेकेड एसी, तीन थर्ड AC, आठ द्वितीय शयनयान, चार द्वितीय साधारण श्रेणी, एक पावर कार एवं एक गार्ड डिब्बे सहित कुल 18 डिब्बों की सुविधा मिलेगी.
इस ट्रेन में बढ़ी डिब्बों की संख्या
समर वेकेशन में यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत सुपरफास्ट ट्रेन में डिब्बों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 की जा रही है. ट्रेन नंबर 04871, जोधपुर- दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जोधपुर से दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना होकर 05.10 बजे जयपुर पहुंचेगी. यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद चलते हुए शाम 07.50 बजे अलवर, 09.05 बजे रेवाड़ी, 09.40 बजे गुरुग्राम और रात 10.20 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी.