28 दिन बाद काम पर लौटे ग्रामीण सफाईकर्मी, हरियाणा सरकार के साथ 17 मांगों पर बनी सहमति

पानीपत | हरियाणा की ग्रामीण आबादी के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि पिछले एक महीने से चल रही ग्रामीण सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है. प्रदेश सरकार के साथ पानीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई एक बैठक में सफाईकर्मियों की 18 में से 17 मांगों पर सहमति जताई गई है जिसके बाद यूनियन ने हड़ताल को तुरंत प्रभाव से वापस ले लिया है.

Safai Job Swweper

इन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति

अब हरेक गांव में प्रति 400 व्यक्ति की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी की नियुक्ति की जाएगी. इससे काम का बोझ कम होगा और नए लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.

सीएम नायब सैनी द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन को तुरंत प्रभाव से लागू करवाया जाएगा. कर्मचारियों का वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता और झाड़ू- कस्सी जैसे उपकरण खरीदने के लिए भत्ते में बढ़ोतरी की जाएगी.

सफाईकर्मियों के लिए एक्स- ग्रेसिया पॉलिसी लागू होगी. ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपए मुआवजा और एक पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी. सामान्य मृत्यु पर भी आश्रित को नौकरी मिलेगी.

सेवाकाल पूरा होने के बाद रिटायरमेंट पर कर्मचारियों को एकमुश्त 10 लाख रुपए और ग्रेच्युटी का पूरा लाभ दिया जाएगा.

इस फैसले की करेंगे समीक्षा: पंवार

सफाईकर्मियों के साथ बैठक सम्पन्न होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने बताया कि सीएम नायब सैनी के निर्देश पर यह वार्ता बेहद सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रही है. कर्मचारियों की मुख्य मांग थी कि 31 दिसंबर 2005 के हाईकोर्ट के आदेशानुसार सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए.

ये मामला हाईकोर्ट के एक फैसले से जुड़ा है, इसलिए सरकार इस कानूनी फैसले की गहनता से समीक्षा करेगी और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा. इस एक मांग को छोड़कर बाकी सभी 17 मांगों पर पूर्ण सहमति बन गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.