पानीपत के सागर जागलान ने रूस को हराकर जीता स्वर्ण पदक, भारत का नाम रोशन

पानीपत | मंगोलिया के उलानबातर में 4 से 7 जून तक आयोजित फ्रीस्टाइल कुश्ती प्रतियोगिता में भारत के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 18 पदक अपने नाम किए हैं. इस प्रतियोगिता में पानीपत के नौल्था गांव के सागर जागलान ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है. फाइनल मुकाबले में सागर जागलान ने रूस के खिलाड़ी को 3- 2 के करीबी अंतर से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया. उनकी इस जीत के साथ ही हरियाणा के पहलवानों का दबदबा इस प्रतियोगिता में साफ नजर आया और राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 8 स्वर्ण और 9 कांस्य सहित 17 पदक अपने नाम किए.

Sagar Jaglan

मिले पदक

भारतीय कुश्ती दल के प्रदर्शन की बात करें तो पुरुष फ्रीस्टाइल वर्ग में कुल 3 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक भारत को मिले. स्वर्ण पदक जीतने वाले अन्य पहलवानों में झज्जर के दिनेश धनखड़ और सोनीपत के दीपक शामिल रहे. वहीं, कांस्य पदक जीतने वालों में सोनीपत के जयदीप नरवाल, झज्जर के मोहित कुमार तथा रोहतक के सुमित और विक्की का नाम शामिल है.

बढ़ाया देश का मान

महिला फ्रीस्टाइल वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और कुल 3 स्वर्ण व 3 कांस्य पदक हासिल किए. इस वर्ग में चरखी दादरी की नेहा सांगवान, रोहतक की मनीषा भनवाला और काजल ढोचक ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया. वहीं, झज्जर की मानसी हंसिका लांबा और जींद की प्रिया मलिक ने कांस्य पदक अपने नाम किए. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश की नीलम सिरोही ने भी कांस्य पदक जीतकर भारतीय दल के खाते में योगदान दिया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.