पंचकूला | हरियाणा शिक्षा विभाग ने राजकीय विद्यालयों के उन अनुसूचित जाति (SC) विद्यार्थियों को वन टाइम छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है जिन्होंने मार्च 2026 में आयोजित 12वीं कक्षा की परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं. बता दें कि इसे लेकर विभाग की ओर से सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं. दरएसल, 24 जून 2026 को जारी पत्र के अनुसार पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि उपलब्ध करवाने के लिए जिलावार डाटा एकत्र किया जा रहा है.

शिक्षा विभाग ने जिला अधिकारियों से कहा है कि वे अपने- अपने जिले के विद्यार्थियों का विवरण निर्धारित प्रोफार्मा के अनुसार तैयार कर 30 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से भेज दें. अन्था वह मान्य नहीं होगा.
हरियाणा के छात्रों के लिए खुशखबरी
विद्यार्थियों का डाटा बैंक पासबुक की कॉपी के आधार पर सत्यापित और जांचा हुआ होना चाहिए. डाटा की सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी दोनों निर्धारित समय सीमा के भीतर विभाग की ई- मेल पर भेजनी होगी. समय पर जानकारी उपलब्ध नहीं कराने की स्थिति में संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे. शिक्षा विभाग ने इसके लिए एक विशेष प्रोफार्मा भी जारी किया है. इसमें विद्यार्थी का नाम, जिला, राज्य, श्रेणी, बैंक खाता संख्या, आधार नंबर, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल की जाएंगी.
सीधे खाते में आएगी स्कॉलरशिप
जिन विद्यार्थियों के बैंक खाते की संख्या शून्य (0) से शुरू होती है उनकी जानकारी एक्सेल शीट में टेक्स्ट फॉर्मेट में दर्ज की जाए. इससे बैंक खाता संख्या में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि नहीं होगी और छात्रवृत्ति राशि सही खाते में पहुंच सकेगी. विभाग ने HBSE और CBSE बोर्ड से संबंधित पात्र विद्यार्थियों की सूची भी जिलों को उपलब्ध कराई है. अधिकारियों को इन सूचियों का मिलान कर अंतिम डाटा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं.