रेल यात्रियों के लिए खबर, 3 महीने तक दिल्ली कैंट पर नहीं रुकेंगी कई ट्रेनें; फटाफट चेक करें लिस्ट

नई दिल्ली | राजधानी मंडल के अंतर्गत दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर चल रहे मेजर अपग्रेडेशन कार्य का असर अब हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के रेल यात्रियों पर भी दिखाई देगा. स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर निर्माण कार्य के लिए ब्लॉक लिया गया है जिसके चलते आगामी करीब तीन महीने तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है. इससे दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

Train Railways

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 15 जुलाई से अक्टूबर 2026 तक विभिन्न तिथियों में कई ट्रेनों का दिल्ली कैंट स्टेशन पर ठहराव निरस्त रहेगा. रेलवे प्रशासन ने यह फैसला स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए लिया है.

यहां दिखेगा असर

इस बदलाव का सबसे अधिक असर महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल, आटेली और महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा. जिले के बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली कैंट स्टेशन का उपयोग आगे की यात्रा या स्थानीय आवागमन के लिए करते हैं. ऐसे में अब उन्हें वैकल्पिक रेलवे स्टेशनों का सहारा लेना होगा. प्रभावित रेल सेवाओं में महेंद्रगढ़ जिले से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं. इनमें सीकर- दिल्ली सराय रोहिल्ला (14713), उदयपुर सिटी- दिल्ली सराय रोहिल्ला (20474), जोधपुर- दिल्ली सराय रोहिल्ला (22422), लालगढ़- दिल्ली सराय रोहिल्ला (22471) और जोधपुर- गोरखपुर स्पेशल (04829) शामिल हैं. रेवाड़ी के रास्ते जयपुर से दिल्ली जाने वाली कुछ अन्य ट्रेनें भी निर्धारित अवधि तक दिल्ली कैंट स्टेशन पर नहीं रुकेंगी.

यह भी पढ़े -  Indian Airforce Sweeper Jobs: ऑफलाइन भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, फटाफट करें अप्लाई

जरूर जांच लें स्थिति

यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति जरूर जांच लें. जिन यात्रियों का गंतव्य दिल्ली कैंट स्टेशन है, वे नई दिल्ली, दिल्ली सराय रोहिल्ला या अन्य निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों का विकल्प चुन सकते हैं, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. दिल्ली कैंट स्टेशन पर चल रहे आधुनिकीकरण कार्य के पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. हालांकि, निर्माण अवधि के दौरान कुछ समय के लिए यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.