सावन में अनोखी भक्ति, 5 लाख सपाटे लगाकर गंगाजल ला रहा हरियाणा का शिवभक्त

झज्जर | सावन की शुरुआत के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की आस्था पूरे हरियाणा में देखने को मिल रही है. कोई डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहा है तो कोई खड़ी कांवड़ के साथ भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन है. इसी बीच रेवाड़ी जिले के गांव बड़ौली निवासी विक्रम धनखड़ की अनोखी ‘सपाटा कांवड़ यात्रा’ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले विक्रम धनखड़ लगातार सपाटे लगाते हुए अपने गांव बड़ौली की ओर बढ़ रहे हैं. उनकी यात्रा जब झज्जर शहर पहुंची तो सड़क पर अनोखा नजारा देखने को मिला.

Vikaram Dhankad Jhajjar

यात्रा के आगे डीजे, पीछे ट्रैक्टर और बीच में विक्रम लगातार सपाटे लगाते हुए कांवड़ लेकर आगे बढ़ते नजर आए. उनका यह अनोखा अंदाज देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे जुट गए.

सावन में अनोखी भक्ति

यात्रा के दौरान दुकानदार भी अपनी दुकानें छोड़ बाहर निकल आए. राहगीरों ने रुककर इस अनोखी कांवड़ यात्रा को देखा और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए. लोगों का कहना था कि हर साल अलग- अलग तरह की कांवड़ यात्राएं देखने को मिलती हैं, लेकिन सपाटे लगाते हुए यात्रा करना बेहद अलग और अनोखा है. विक्रम धनखड़ ने बताया कि उन्होंने हरिद्वार से गांव बड़ौली तक करीब 5 लाख सपाटे लगाने का संकल्प लिया है. उनकी यह यात्रा 11 जुलाई को बड़ौली पहुंचने की उम्मीद है.

यह भी पढ़े -  बहादुरगढ़ से दिल्ली जाने वालों के लिए जरूरी खबर, आज भी कई मेट्रो स्टेशन बंद

हरियाणा का शिवभक्त

उन्होंने बताया कि गांव में वह एक अखाड़ा भी चलाते हैं, जहां युवाओं को खेल और व्यायाम के लिए प्रेरित किया जाता है. साथ ही, नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश भी दिया जाता है. विक्रम ने बताया कि इससे पहले भी वह हरियाणा को नशामुक्त बनाने के संदेश के साथ चारधाम की सपाटा यात्रा कर चुके हैं. इस बार सावन में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था व्यक्त करने के साथ वह युवाओं को फिटनेस, खेल और नशामुक्त जीवन का संदेश देते हुए यह अनोखी कांवड़ यात्रा पूरी कर रहे हैं.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.