झज्जर | हरियाणा के झज्जर की स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने चीन के हांगझोउ में आयोजित ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया. मनु ने क्वालिफिकेशन राउंड में 586-20x का बेहतरीन स्कोर बनाकर पहला स्थान हासिल किया. फाइनल में 28 हिट के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया.

इस स्पर्धा में भारत की ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 हिट के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन की झांग यूएयूए 37 हिट के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं. इस तरह भारत ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर डबल पोडियम फिनिश दर्ज की.
बनाया इतना स्कोर
क्वालिफिकेशन राउंड में मनु भाकर ने लगातार सटीक निशाने लगाते हुए 586-20x का स्कोर बनाया और शीर्ष स्थान पर रहीं. वहीं, भारत की ईशा सिंह ने 585-18x के साथ दूसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई. दोनों भारतीय निशानेबाजों ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल में ईशा सिंह ने दबदबा बनाए रखते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. मनु भाकर ने भी शानदार संघर्ष करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत की झोली में दूसरा पदक डाला.
Heartiest congratulations to Esha Singh and Manu Bhaker on winning the gold and bronze medals, respectively, in the Women’s 25m Pistol event at the ISSF World Cup 2026.
Their remarkable achievements have made the nation proud. I wish them the best for their continued success in… pic.twitter.com/QH9V2izPzl
— Vice-President of India (@VPIndia) July 27, 2026
सफल खिलाड़ियों में एक
मनु भाकर पहले से ही भारतीय निशानेबाजी की सबसे सफल खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं. पेरिस ओलंपिक 2024 में उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था. अब हांगझोउ ISSF शूटिंग वर्ल्ड कप में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी.