कांवड़ यात्रा ने बढ़ाई यात्रियों की परेशानी, हरिद्वार नहीं जाएगी हरियाणा रोडवेज की बसें

सोनीपत | कांवड़ यात्रा के चलते सोनीपत से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है. सोनीपत- हरिद्वार रूट पर रोडवेज बसों का संचालन दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है. सोमवार को भी इस रूट पर बस सेवा बंद रहने की संभावना है. रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, शिवरात्रि के दिन सुबह से इस रूट पर बसों का संचालन दोबारा शुरू किए जाने की उम्मीद है. कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और आसपास के इलाकों में लगातार बढ़ रही कांवड़ियों की संख्या और यातायात दबाव को देखते हुए रोडवेज को यह फैसला लेना पड़ा है.

Haryana Roadways Bus

हरिद्वार के आसपास भारी वाहनों की संख्या बढ़ने से कई जगह जाम जैसी स्थिति बनी हुई है. इसके चलते रोडवेज बसों को हरिद्वार तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है. सोनीपत बस अड्डा से हरिद्वार के लिए तीन बसों का संचालन किया जाता था.

बढ़ी यात्रियों की परेशानी

कांवड़ यात्रा को देखते हुए रविवार को तीनों बसें रद कर दी गईं. अधिकारियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के चलते किए गए रूट डायवर्जन का असर रोडवेज बस सेवाओं पर भी पड़ रहा है. इसी वजह से सोनीपत से बृजघाट जाने वाली बस सेवा पहले ही बंद की जा चुकी है. वहीं, उत्तर प्रदेश के विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों का संचालन सोनीपत-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित गौरीपुर मोड़ तक सीमित किए जाने की संभावना है.

बंद हो सकती है बस सेवा

सोनीपत से बड़ौत रूट पर रविवार को रोडवेज बसों का संचालन किया गया लेकिन सड़कों पर लगातार बढ़ रही कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए सोमवार को इस रूट की बस सेवा भी बंद की जा सकती है. अधिकारियों की नजर लगातार यातायात की स्थिति पर बनी हुई है. दूसरी ओर, तीज के त्योहारी सीजन के चलते सोनीपत से गोहाना, खानपुर, फरमाणा और गन्नौर जैसे लोकल रूटों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है. शिवरात्रि के बाद रोडवेज का पूरा फोकस इन लोकल रूटों पर रहेगा, ताकि त्योहारी सीजन में यात्रियों को परेशानी न हो.

दिल्ली रूट पर भी यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों और ई-बसों का संचालन किया जा रहा है. रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा खत्म होने और यातायात सामान्य होने के बाद हरिद्वार समेत प्रभावित रूटों पर बस सेवा को सामान्य किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.