कैथल में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब; देखें पूरा रूट

कैथल | स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भाजपा की ओर से कैथल शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए. भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं, जबकि पूर्व विधायक लीला राम यात्रा के संयोजक रहे. तिरंगा यात्रा जिमखाना क्लब से शुरू हुई. इसके बाद काफिला पिहोवा चौक, करनाल रोड और सचिवालय चौक से होते हुए लाला चरणदास शोरेवाला मार्ग पहुंचा. यहां पूर्व विधायक के निवास के बाहर यात्रा का समापन किया गया.

Tiranga Yatra

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले ऐसे असंख्य शहीद हैं, जिनके बारे में कभी चर्चा नहीं हो पाई. आज वे उन सभी वीर शहीदों को नमन करती हैं.

देश की मिट्टी पर प्राण न्यौछावर

उन्होंने कहा कि शहीदों ने देश की मिट्टी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए. अपने परिवार की चिंता किए बिना उन्होंने भारत माता के चरणों में अपना सर्वस्व अर्पित कर दिया. ऐसे सभी शहीदों को प्रणाम करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. तिरंगा यात्रा के दौरान सैकड़ों मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और गाड़ियां कतार में चलती नजर आईं. पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया. रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया. यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी का झंडा नहीं था. कार्यकर्ता केवल तिरंगा लेकर काफिले में शामिल हुए और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते रहे.

कई क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ता

तिरंगा यात्रा में कैथल विधानसभा के अलावा पूंडरी, गुहला चीका, कलायत और जिले के अन्य क्षेत्रों से भी भाजपा कार्यकर्ता और नेता पहुंचे. बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने के कारण शहर में यात्रा को लेकर उत्साह का माहौल रहा. यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और शहर में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. शहर के प्रमुख चौक- चौराहों पर पुलिस और अन्य कर्मचारियों की तैनाती की गई. यात्रा के पूरे मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी निगरानी की गई.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.