कैथल | केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी आज पंजाब और हरियाणा के दौरे पर रहेंगे. दोनों मंत्री चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के अजीजपुर गांव और हरियाणा के कैथल जिले के धांड का दौरा करेंगे. इस दौरान राशन व्यवस्था, किसानों की समस्याओं और अनाज भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली जाएगी. शिवराज सिंह चौहान सुबह दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगे. यहां टैगोर थिएटर में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान राशन व्यवस्था से जुड़ी नई डिजिटल भुगतान व्यवस्था की शुरुआत करेंगे.

नई व्यवस्था के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. इसका उद्देश्य लाभ मिलने में होने वाली देरी को रोकना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना है. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी और केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभणिया भी मौजूद रहेंगी.
किसानों से सीधे संवाद
चंडीगढ़ कार्यक्रम के बाद दोनों मंत्री दोपहर करीब 2 बजे पंजाब के अजीजपुर गांव पहुंचेंगे. यहां शिवराज सिंह चौहान किसानों से सीधे बातचीत करेंगे. इस दौरान खेती से जुड़ी समस्याओं, सरकारी योजनाओं और किसानों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली जाएगी. किसान भी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने रख सकेंगे. दौरे के दौरान किसानों की जमीनी स्थिति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को समझने पर भी जोर रहेगा.
अनाज भंडारण केंद्र का निरीक्षण
दोनों मंत्री शाम करीब 4:30 बजे हरियाणा के कैथल जिले के धांड पहुंचेंगे. यहां भारतीय खाद्य निगम के अनाज भंडारण केंद्र का निरीक्षण किया जाएगा. इस दौरान अनाज के भंडारण, गुणवत्ता और एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया जाएगा. अधिकारी मंत्रियों को राशन के लिए अनाज को राज्यों तक पहुंचाने की प्रक्रिया की जानकारी भी देंगे. केंद्र सरकार की ओर से राशन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के साथ किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर जोर दिया जा रहा है.