कैथल की 22 अप्रूव्ड कॉलोनियों को मिलेगी राहत, 20 करोड़ से बिछेंगी सीवरेज- पेयजल लाइनें

कैथल | हरियाणा के कैथल शहर की नई अप्रूव हुई कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को जल्द ही जल निकासी और पेयजल की समस्या से राहत मिलने वाली है. जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन कॉलोनियों में नई सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन बिछाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसके लिए विभाग ने टेंडर जारी कर दिए हैं और अधिकारियों को उम्मीद है कि इसी माह दोनों कार्य शुरू हो जाएंगे. इन परियोजनाओं पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

City Colony Town Shahar

इसमें लगभग 14 करोड़ रुपये सीवरेज व्यवस्था और करीब 6 करोड़ रुपये पेयजल लाइन बिछाने पर खर्च होंगे. करीब 52 किलोमीटर लंबी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी जबकि लगभग इतनी ही लंबाई में पेयजल की पाइपलाइन डाली जाएगी.

22 कॉलोनियां हुईं अप्रूव्ड

शहर में पिछले दो वर्षों के दौरान 22 कॉलोनियों को अप्रूव्ड किया गया है. इनमें अमृत सरिया डेरा, शुगर मिल कॉलोनी पार्ट- 2, रणधीर कॉलोनी फेज- 1, डिफेंस कॉलोनी एक्सटेंशन- 2, शहीद भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन, अर्जुन नगर एक्सटेंशन- 1, ऑक्सफोर्ड स्कूल कॉलोनी, शुगर मिल कॉलोनी पार्ट- 3 और भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन फेज- 2 शामिल हैं. जनकपुरी एक्सटेंशन-3, जनकपुरी एक्सटेंशन-1, जीवन राइज के पीछे की कॉलोनी, हेरिटेज स्कूल के पास की कॉलोनी, मायापुरी कॉलोनी एक्सटेंशन, ओशो पुरम विस्तार कॉलोनी, देवीगढ़ के साथ लगती कॉलोनी, राधा स्वामी सत्संग भवन के पास की कॉलोनी, कपिल नगर कॉलोनी, मॉडल टाउन बेनाम कॉलोनी, सीता नगर, अनाज मंडी कॉलोनी और ऋषि नगर बेनाम कॉलोनी भी शामिल हैं.

जलभराव से मिलेगी राहत

इन कॉलोनियों में फिलहाल जल निकासी और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. कई परिवार प्राइवेट समर्सिबल पंप के जरिए पानी की जरूरत पूरी कर रहे हैं. वहीं जल निकासी नालियों के माध्यम से होती है. बारिश के दौरान पानी की निकासी नहीं होने से कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है. सीवरेज व्यवस्था देख रहे एसडीओ विनोद आर्य ने बताया कि करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी. इसका टेंडर अलॉट हो चुका है और जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है. नई व्यवस्था से कॉलोनियों में जल निकासी बेहतर होने के साथ लोगों को पेयजल सुविधा भी मिल सकेगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.