सोनीपत के स्कूल में अचानक पहुंचे महीपाल ढांडा, बच्चों से सीधी बात; अधिकारियों की बढ़ी चिंता

सोनीपत | हरियाणा में सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा लगातार ग्राउंड पर उतरकर स्कूलों की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. इसी कड़ी में बुधवार को उन्होंने सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के दातौली गांव स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. अचानक स्कूल पहुंचे शिक्षा मंत्री ने परिसर में साफ- सफाई, बुनियादी सुविधाओं, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और पढ़ाई के माहौल को देखा. निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री कक्षाओं में पहुंचे और विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की.

school teacher

उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के स्तर, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन- पाठन सामग्री और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. विद्यार्थियों ने भी अपनी समस्याएं और जरूरतें मंत्री के सामने रखीं. उनकी बात सुनने के बाद शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए.

अधिकारियों को चेताया

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने अधिकारियों और शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी शिक्षण संस्थानों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है. स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी बेहतर होनी चाहिए. मंत्री ने स्कूल परिसर की साफ- सफाई का भी जायजा लिया.

उन्होंने बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को जांचा. उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल में स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जाए. विद्यार्थियों को किसी भी मूलभूत सुविधा के लिए परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया.

यह भी पढ़े -  सोनीपत के 1329 किसानों की नजर 21 अगस्त के ड्रा पर, 212 को मिलेंगे सुपर सीडर- बेलर

कई संस्थानों का निरीक्षण

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में वास्तविक सुधार के लिए जमीनी स्तर की स्थिति को समझना जरूरी है. निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए जा रहे हैं. पिछले 11 दिनों में शिक्षा मंत्री कई शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण कर चुके हैं. इससे पहले उन्होंने पंचकूला के राजकीय कॉलेज, बसताड़ा के राजकीय महिला कॉलेज, पानीपत के सेक्टर- 18 स्थित राजकीय कॉलेज और पानीपत के निजामपुर गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था. इन दौरों के दौरान भी उन्होंने शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की समस्याओं और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.