भारत ने पाकिस्तान को 5- 3 से रौंदा, सोनीपत के अभिषेक नैन बने जीत के हीरो; 2 गोल दागकर मचाया धमाल

सोनीपत | हॉकी वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को 5- 3 से हराकर टूर्नामेंट के टॉप- 8 में जगह पक्की कर ली. नीदरलैंड के वाघनर स्टेडियम में खेले गए पूल- डी के मुकाबले में सोनीपत के स्टार फॉरवर्ड अभिषेक नैन भारत की जीत के हीरो रहे. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दो शानदार फील्ड गोल दागकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. वहीं, इस हार के साथ पाकिस्तान का वर्ल्ड कप अभियान समाप्त हो गया.

Abhieshk Nene Sonipat

भारत ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पाकिस्तानी डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया. मुकाबले के पांचवें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर टीम को 1- 0 की बढ़त दिलाई.

अभिषेक का पहला गोल

भारत की बढ़त ज्यादा देर तक एक गोल तक सीमित नहीं रही. 11वें मिनट में सोनीपत के अभिषेक नैन ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 2- 0 से आगे कर दिया. पाकिस्तान के खिलाड़ी को नौवें मिनट में ग्रीन कार्ड मिलने के बाद भारत ने मिले मौके का फायदा उठाया और लगातार आक्रमण किए. 21वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3- 0 कर दी. पाकिस्तान ने इसके बाद एक गोल कर अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम का दबाव लगातार बना रहा.

24वें मिनट में दूसरा गोल

मुकाबले के 24वें मिनट में अभिषेक नैन ने एक बार फिर पाकिस्तान की रक्षापंक्ति को चकमा दिया और शानदार फील्ड गोल दाग दिया. उनके दूसरे गोल के बाद भारत ने 4-1 की मजबूत बढ़त बना ली. अभिषेक के दोनों गोलों ने मैच में भारत की स्थिति काफी मजबूत कर दी. अंत में भारत ने मुकाबला 5- 3 से अपने नाम किया. इस जीत के साथ भारत ने पूल- डी में 3 मैचों से 6 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहते हुए अगले चरण में प्रवेश किया. भारत की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत रही. वहीं पाकिस्तान तीन मैचों में सिर्फ एक अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहा और वर्ल्ड कप से बाहर हो गया.

यह भी पढ़े -  घर के पास मिलेगी कानून की जानकारी, सोनीपत में शुरू हुआ यह अभियान

टॉप- 5 गोल स्कोरर में अभिषेक

पाकिस्तान के खिलाफ दो गोल करने के बाद अभिषेक नैन हॉकी वर्ल्ड कप के शीर्ष गोल स्कोररों की सूची में टॉप-5 में पहुंच गए हैं. भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह पांच गोल के साथ टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर बने हुए हैं. वेल्स के गैरेथ फर्लोंग चार गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं. अभिषेक का लगातार गोल करना अगले दौर में भारतीय टीम के लिए बड़ी ताकत माना जा रहा है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.