पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने Animal Birth Control (ABC) कार्यक्रम को लेकर नए टेंडर में कई सख्त प्रावधान किए हैं. कुत्तों को पकड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य किया गया है. इससे निगम कुत्तों को पकड़ने से लेकर उन्हें वापस छोड़ने तक वाहनों की गतिविधियों पर नजर रख सकेगा.

नगर निगम ने नसबंदी कार्यक्रम के संचालन के लिए भारतीय पशु कल्याण बोर्ड (AWBI) से मान्यता प्राप्त NGOs और पशु कल्याण संगठनों से एक साल के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं. जरूरत पड़ने पर अनुबंध की अवधि आगे बढ़ाई जा सकती है. टेंडर 31 अगस्त को खोला जाएगा.
समाधान नहीं तो जुर्माना
टेंडर की शर्तों के अनुसार, आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायत मिलने के बाद अगर 6 घंटे के भीतर उसका समाधान नहीं किया जाता है तो संबंधित एजेंसी पर 1 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा. GPS व्यवस्था के जरिए निगम एजेंसियों के कामकाज और कुत्तों की आवाजाही की निगरानी भी कर सकेगा. स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों, खेल परिसरों, अस्पतालों, बच्चों के पार्क और अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थानों से पकड़े जाने वाले कुत्तों के लिए विशेष प्रक्रिया निर्धारित की गई है. नोडल अधिकारी की मंजूरी के बाद ऐसे कुत्तों को तुरंत निर्धारित शेल्टर होम में पहुंचाया जाएगा.
शेल्टर होम में कुत्तों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ नसबंदी, एंटी- रेबीज वैक्सीनेशन और डी- वर्मिंग की जाएगी. जरूरत के अनुसार उनके कान पर पहचान चिह्न भी लगाया जाएगा.
एजेंसियों को मिलेगा काम
नगर निगम ने टेंडर में यह प्रावधान भी रखा है कि जरूरत के अनुसार एक या एक से अधिक तकनीकी रूप से योग्य एजेंसियों अथवा NGOs को पैनल में शामिल किया जा सकता है. इन एजेंसियों को अलग- अलग क्षेत्रों में ABC कार्यक्रम का काम सौंपा जा सकेगा. हालांकि, पैनल में शामिल सभी एजेंसियों को सबसे कम दर (L- 1) एजेंसी की दरों पर ही काम करना होगा.