चंडीगढ़ | हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में आज दोपहर 2 बजे से सदन की कार्यवाही होगी. शून्यकाल और प्रश्नकाल के साथ कई अहम विधायी कामकाज भी पूरे किए जाएंगे. माना जा रहा है कि आज सदन में सबसे ज्यादा हंगामा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) से जुड़ी भर्तियों को लेकर हो सकता है. विपक्ष के 17 विधायकों ने HKRN के माध्यम से होने वाली ठेका भर्तियों में कथित धांधली का मुद्दा उठाते हुए ध्यानाकर्षण सूचना दी है.
इनमें भारत भूषण बत्रा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल और अशोक अरोड़ा समेत कई विधायक शामिल हैं. विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भी मामले पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए नोटिस दिया है.
आएगा श्राइन बिल
सदन में ‘हरियाणा बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम श्राइन बिल 2026’ को विचार और पारित कराने के लिए रखा जाएगा. इसके जरिए चुलकाना धाम के प्रबंधन और विकास के लिए अलग बोर्ड गठित करने का रास्ता साफ होगा. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीर्थस्थल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर है. वित्त मंत्री वित्त वर्ष 2026- 27 के लिए अनुपूरक मांगों की पहली किस्त सदन में नेवा पोर्टल के माध्यम से पेश करेंगे. एस्टीमेट कमेटी की रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएगी. गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, लोक निर्माण (PWD) और शहरी स्थानीय निकाय समेत विभिन्न विभागों से जुड़े बजट आवंटन और खर्च पर चर्चा के बाद वोटिंग होगी.
कई अहम बिल होंगे पेश
हरियाणा कोर्ट्स (अमेंडमेंट) बिल 2026, हरियाणा म्यूनिसिपल (अमेंडमेंट) बिल और म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (अमेंडमेंट) बिल 2026 पर भी सदन में विचार होगा. इसके साथ ही, केंद्र के ‘वॉटर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ पोल्यूशन अमेंडमेंट एक्ट 2024’ को अपनाने के लिए Official Resolution लाया जाएगा. इसके तहत, छोटे अपराधों को Decriminalize करने और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ तथा ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बढ़ावा मिलेगा.
