भिवानी | शहर और आसपास के इलाके में तीन अलग-अलग घरों में मॉनिटर लिजर्ड (गोह) निकलने से परिवारों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर गो रक्षा दल भिवानी के सदस्य कुकी परमार मौके पर पहुंचे और तीनों गोह का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया. सबसे पहले गांव कालुवास के एक घर में मॉनिटर लिजर्ड निकलने की सूचना मिली.
कुकी परमार मौके पर पहुंचे तो गोह घर के स्टोर रूम में छिपी हुई थी. उन्होंने सावधानी से उसका रेस्क्यू किया. इसकी लंबाई करीब साढ़े 3 फीट थी. रेस्क्यू के बाद उसे घर से बाहर ले जाकर खुले स्थान पर सुरक्षित छोड़ दिया गया.
नहीं होता जहर
कुकी परमार ने बताया कि मॉनिटर लिजर्ड में जहर नहीं होता. इसलिए इसे देखकर घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जीव को नुकसान न पहुंचाएं, क्योंकि उन्हें भी जीवन जीने का अधिकार है. इसके बाद सेक्टर-13 में सरकारी स्कूल के पास स्थित एक मकान में गोह निकलने की सूचना मिली. टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे तो मॉनिटर लिजर्ड रसोई में मौजूद थी. इसकी लंबाई करीब डेढ़ फीट बताई गई. टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर घर से बाहर निकाला और खुले स्थान पर छोड़ दिया.
कमरे से किया रेस्क्यू
इसी तरह महम गेट स्थित एक घर में भी मॉनिटर लिजर्ड के घुसने की सूचना मिली. कुकी परमार वहां पहुंचे तो गोह मकान के एक कमरे में मिली. करीब डेढ़ फीट लंबी इस गोह को भी सावधानी से पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया. गो रक्षा दल के सदस्य ने लोगों से कहा कि घर में गोह या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत संबंधित रेस्क्यू टीम को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला जा सके.
