पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़े कर्मचारियों का सत्यापन शुरू कर दिया है. पुलिस कमिश्नर (IPS) पंकज नैन के निर्देश पर जिले में काम करने वाले ऑनलाइन फूड डिलीवरी, ई-कॉमर्स और अन्य डिलीवरी एजेंटों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जा रहा है. अभियान के तहत Blinkit, Flipkart, Amazon, Zepto, Zomato और Swiggy जैसी कंपनियों से जुड़े राइडर्स का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है.
पुलिस उनकी पहचान के साथ- साथ आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच करेगी. इसके लिए जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों और संबंधित विशेष इकाइयों को जिम्मेदारी दी गई है.
दस्तावेजों का जुटाया जा रहा रिकॉर्ड
पुलिस सत्यापन के दौरान प्रत्येक डिलीवरी एजेंट से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज कर रही है. इसमें उसका नाम, मोबाइल नंबर, वर्तमान और स्थायी पता, पहचान संबंधी दस्तावेज तथा संबंधित कंपनी का विवरण शामिल है. पुलिस ने डिलीवरी कंपनियों और एजेंसियों को अपने कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही कंपनियों को यह भी करने को कहा गया है कि उनके साथ काम करने वाले एजेंटों का समय-समय पर सत्यापन होता रहे.
अपडेट होगा रिकॉर्ड
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के अनुसार, संबंधित कंपनियों के कार्यालयों से संपर्क करके डिलीवरी राइडर्स का डाटा जुटाया जा चुका है. अब पुलिस रिकॉर्ड को लगातार अपडेट रखने पर भी ध्यान देगी. यदि कोई राइडर एक कंपनी में काम छोड़कर दूसरी कंपनी से जुड़ता है, तो उसकी जानकारी भी रिकॉर्ड में अपडेट की जाएगी. इससे किसी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उसकी पहचान तक पहुंचने में पुलिस को मदद मिलेगी.
ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है और राइडर्स शहर के अलग- अलग इलाकों में नियमित रूप से पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी पहचान और रिकॉर्ड का सत्यापन सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है.
