पानीपत | हरियाणा के पानीपत से निकलकर टीवी और OTT की दुनिया में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री कनिका मान अब ‘बिग बॉस 20’ के घर में नजर आएंगी. शो के मंच पर कनिका ने ‘शरारत’ गाने पर परफॉर्मेंस दी और पहली कंटेस्टेंट के रूप में घर में एंट्री ली. इससे पहले वह चर्चित शो ‘नागिन 7’ में राधिका के किरदार को लेकर चर्चा में रही हैं. बता दें कि कनिका का जन्म पानीपत में हुआ और शुरुआती पढ़ाई भी यहीं हुई.
आगे की शिक्षा के लिए वह चंडीगढ़ चली गईं, जहां पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की. इसी दौरान मनोरंजन की दुनिया की तरफ उनका रुझान बढ़ा. शुरुआत में परिवार को उनके करियर को लेकर चिंता थी, लेकिन बाद में साथ मिला और कनिका ने मॉडलिंग से अपनी नई पारी शुरू की.
पंजाबी म्यूजिक वीडियो से मिली पहचान
कनिका ने करीब 2015 में पंजाबी म्यूजिक वीडियो के जरिए कैमरे के सामने काम शुरू किया. इसके बाद ‘रॉकी मेंटल’ और ‘दाना पानी’ जैसी पंजाबी फिल्मों में दिखाई दीं. हिंदी टेलीविजन में उनका सफर 2018 में ‘बढ़ो बहू’ से शुरू हुआ. हालांकि, कनिका को बड़ी पहचान ज़ी टीवी के ‘गुड्डन तुमसे ना हो पाएगा’ से मिली. मुख्य किरदार ‘गुड्डन’ ने उन्हें घर- घर तक पहुंचाया. बाद में उन्होंने OTT पर वेब सीरीज ‘रूहानियत’ में काम किया. साल 2022 में वह रोहित शेट्टी के ‘खतरों के खिलाड़ी 12’ की फाइनलिस्ट भी रहीं.
View this post on Instagram
लाखों की फैन फॉलोइंग
कनिका के इंस्टाग्राम पर करीब 73 लाख और फेसबुक पर 25 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं. वर्तमान में वह मुंबई में रहती हैं. कनिका से पहले भी हरियाणा के कई चेहरे ‘बिग बॉस’ में पहुंच चुके हैं. इनमें सपना चौधरी, रोमिल चौधरी, निर्मल सिंह और सोनाली फोगाट शामिल हैं. वहीं, गुरुग्राम के एल्विश यादव ने वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद अपने सीजन का खिताब जीता था.
