हरियाणा में DSP के 8 पदों के लिए 183 उम्मीदवार, इस दिन होगी शारीरिक जांच

चंडीगढ़ | हरियाणा में DSP बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है. हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने उप पुलिस अधीक्षक के 8 पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (PMT) की तारीख तय कर दी है. मुख्य परीक्षा पास कर चुके 183 अभ्यर्थियों को 1 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित आयोग मुख्यालय में बुलाया गया है. बता दें कि परीक्षण सुबह 9 बजे शुरू होगा.

POLICE

निर्धारित तारीख पर अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा. हरियाणा सिविल सर्विस (कार्यकारी शाखा) और संबद्ध सेवाओं के कुल 102 पदों के लिए साक्षात्कार 3 से 8 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे. DSP पद के उम्मीदवारों को इससे पहले PMT की प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

शारीरिक मानक

हरियाणा पुलिस सेवा नियम-2002 के तहत DSP पद के लिए पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 7 इंच यानी 170.18 सेंटीमीटर निर्धारित है. छाती का सामान्य माप कम से कम 33 इंच (83.82 सेंटीमीटर) और फुलाव के बाद 34½ इंच (87.63 सेंटीमीटर) होना चाहिए. छाती में कम से कम 1½ इंच (3.81 सेंटीमीटर) का फुलाव अनिवार्य है. महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 2 इंच यानी 157.50 सेंटीमीटर रखी गई है. उनके लिए छाती का माप लागू नहीं होगा.

यह भी पढ़े -  Asian Games 2026 में हरियाणा के सुरुचि- कमलजीत का शानदार प्रदर्शन, CM सैनी ने दी बधाई

ऐसी परिस्थिति में भी मिलेगा मौका

आयोग के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन में DSP पद का विकल्प चुना था, लेकिन उनका रोल नंबर जारी सूची में नहीं है, वे भी निर्धारित तारीख और समय पर संबंधित दस्तावेज लेकर PMT स्थल पर पहुंच सकते हैं. सभी उम्मीदवारों को फिलहाल प्रोविजनल आधार पर बुलाया गया है. उनकी पात्रता की जांच विज्ञापन में निर्धारित आयु और शारीरिक मानकों के अनुसार होगी. PMT में शामिल होने मात्र से आगे की चयन प्रक्रिया में बने रहने का अधिकार नहीं मिलेगा. किसी भी चरण में अपात्र पाए जाने पर उम्मीदवार को DSP पद के लिए विचार में नहीं लिया जाएगा.

लाने होंगे ये दस्तावेज

  • मूल प्रमाणपत्र
  • ऑनलाइन आवेदन फॉर्म की कॉपी
  • मुख्य परीक्षा के एडमिट कार्ड की प्रति
  • मूल फोटो पहचान पत्र
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.