जींद | हरियाणा के जींद में दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हर साल रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन इस बार अर्जुन स्टेडियम में कुछ अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। यहां तैयार किया जा रहा रावण का पुतला सिर्फ ऊंचाई के कारण नहीं, बल्कि अपनी खास बनावट के चलते भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। बता दें कि श्री सनातन धर्म आदर्श रामलीला क्लब (किले वाली) की ओर से अर्जुन स्टेडियम में दशहरा पर्व आयोजित किया जाएगा।

इस बार रावण का पुतला 45 फुट ऊंचा होगा, जबकि कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई 40-40 फुट रखी गई है। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
गर्दन घुमाएगा रावण
इस बार रावण के पुतले में विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पुतले की गर्दन दाएं-बाएं घूमेगी और उसके होंठ ऊपर-नीचे होते दिखाई देंगे। इसके अलावा हाथों में भी हलचल होगी। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद की आंखें लाल दिखाई देने की व्यवस्था की गई है।
डेढ़ महीने से तैयारी में जुटा परिवार
पुतले तैयार कर रहे अजय शर्मा के मुताबिक, पिछले करीब डेढ़ महीने से उनका पूरा परिवार इस काम में लगा हुआ है। तीनों पुतलों को बनाने पर लगभग दो लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन्हें अलग-अलग हिस्सों में तैयार किया गया है, ताकि स्टेडियम में खड़ा करने में परेशानी न हो।
अजय शर्मा ने बताया कि उनके पिता खरैतीलाल भी हिसार में पुतले तैयार करते हैं और करीब 40 वर्षों से इस काम से जुड़े हुए हैं।
भव्य आयोजन की तैयारी
रामलीला क्लब के प्रधान रवि गुंबर ने बताया कि इस बार भी दशहरा पर्व को भव्य तरीके से आयोजित करने की तैयारी है। रावण परिवार के पुतलों में कई खास बदलाव किए गए हैं, जिन्हें दर्शक दहन से पहले देख सकेंगे।