नई दिल्ली, DDA Flat Scheme | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदना कई परिवारों के लिए बड़ा सपना है, लेकिन महंगी प्रॉपर्टी के चलते बजट बनाना आसान नहीं होता। ऐसे लोगों के लिए नरेला में सस्ते फ्लैट खरीदने का मौका आया है। कम कीमत और छूट के कारण इस योजना को शुरुआत में ही अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। बता दें कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की आवास निवेश योजना 2026 के तहत नरेला में 2,516 एलआईजी फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई है।

ये फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध हैं। योजना में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है और शुरुआती कीमत करीब 14.95 लाख रुपये रखी गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, बुकिंग शुरू होने के दो घंटे के भीतर ही हजारों फ्लैट बुक हो गए।
पॉकेट 3 और 6 में कीमत
नरेला के सेक्टर जी2 में पॉकेट 3 और पॉकेट 6 के फ्लैट इस योजना में शामिल हैं। दोनों जगह फ्लैटों का क्षेत्रफल करीब 49.90 वर्ग मीटर है।
पॉकेट 3: कुल 1,020 फ्लैट, छूट के बाद शुरुआती कीमत करीब 15.01 लाख रुपये।
पॉकेट 6: कुल 1,496 फ्लैट, छूट के बाद शुरुआती कीमत करीब 14.95 लाख रुपये।
बढ़ेगी सुविधा
नरेला में आने वाले समय में कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। रेड लाइन मेट्रो को हरियाणा के कुंडली तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। करीब 26 किलोमीटर के इस कॉरिडोर में 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इससे नरेला और आसपास के इलाकों की आवाजाही आसान हो सकती है। डीडीए अब तक नरेला में करीब 62,801 फ्लैट बना चुका है, जिनमें से 31 हजार से अधिक आवंटित किए जा चुके हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग
योजना के तहत 31 जनवरी 2027 तक आधिकारिक पोर्टल के जरिए आवेदन किया जा सकता है। इच्छुक लोगों को DDA की वेबसाइट, ई-सर्विसेज या आवास पोर्टल पर जाकर खाता बनाना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए पैन कार्ड, आधार कार्ड और जरूरी जानकारी देनी होगी। इसके लिए 2,500 रुपये की गैर-वापसी योग्य फीस निर्धारित है।
लॉगिन करने के बाद आवास निवेश योजना 2026 चुनें और नरेला का पॉकेट, ब्लॉक व पसंदीदा फ्लैट नंबर चुनें। फ्लैट लॉक करने के बाद एक लाख रुपये की बुकिंग राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी।
भुगतान के बाद अस्थायी बुकिंग होगी और डीडीए की ओर से डिमांड-कम-अलॉटमेंट लेटर जारी किया जाएगा। आवेदन से पहले आधिकारिक पोर्टल पर कीमत, पात्रता और भुगतान की शर्तें जरूर जांच लें।