नई दिल्ली | सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती की योग्यता में बदलाव कई नए अवसर खोल सकता है। दिल्ली के राजस्व विभाग में पटवारियों की भारी कमी के बीच अब इस पद पर भर्ती का रास्ता आसान बनाने की पहल की गई है। बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने पटवारी पद के संशोधित भर्ती नियमों को मंजूरी दे दी है।

नए नियमों के तहत, अब किसी भी विषय में स्नातक करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही एक साल के कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्यता भी खत्म कर दी गई है। आइए जानते हैं विस्तार से…
230 पदों में से 170 खाली
दिल्ली के राजस्व विभाग में पटवारी के कुल 230 पद स्वीकृत हैं, लेकिन फिलहाल केवल 60 पदों पर ही कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में 170 पद खाली पड़े हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण विभाग के कामकाज पर असर पड़ रहा है। पिछली भर्ती प्रक्रिया में कंप्यूटर डिप्लोमा की अनिवार्य शर्त के चलते पर्याप्त उम्मीदवार नहीं मिल सके थे। इसी समस्या को देखते हुए नियमों में बदलाव किया गया है।
ग्रेजुएशन जरूरी
पहले पटवारी बनने के लिए 12वीं में गणित विषय के साथ पास होना और एक साल का कंप्यूटर डिप्लोमा होना जरूरी था। स्नातक की डिग्री, सर्वेक्षण से जुड़ी योग्यता और मैदानी अनुभव को अतिरिक्त योग्यता के रूप में रखा गया था। अब संशोधित नियमों के तहत मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। इससे उन युवाओं को भी मौका मिल सकता है, जिन्होंने कला, वाणिज्य या अन्य विषयों से पढ़ाई की है।
3 महीने का प्रशिक्षण
कंप्यूटर डिप्लोमा की शर्त हटाने के साथ विभाग नए कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण भी देगा। नियुक्त होने वाले पटवारियों को कंप्यूटर, सर्वेक्षण और मानचित्रण का तीन महीने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें काम से जुड़ी तकनीकी जानकारी विभागीय स्तर पर मिल सकेगी।