एंबियंस मॉल से साइबर सिटी तक बनेगा 3 लेन फ्लाईओवर, 325 करोड़ रुपये होंगे खर्च

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। खासकर एंबियंस मॉल और डीएलएफ साइबर सिटी के बीच रोजाना लगने वाले जाम को कम करने के लिए नई सड़क परियोजना तैयार की गई है। बता दें कि एंबियंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी तक तीन लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा।

Gurugram Flyover

डीएलएफ मोलसरी एवेन्यू रोड से हाईवे के नीचे होते हुए दिल्ली की तरफ जाने वाला अंडरपास भी तैयार होगा। दोनों परियोजनाओं पर करीब 325 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और निर्माण 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

ट्रैफिक डायवर्जन

परियोजना के लिए NHAI और GMDA से मंजूरी मिलने के बाद एक कंपनी को निर्माण का टेंडर दिया जा चुका है। फिलहाल कंपनी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार कर रही है, जिसे ट्रैफिक पुलिस से मंजूरी दिलाई जाएगी। करीब एक महीने में डायवर्जन योजना को अंतिम रूप देने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। NHAI के पिछले साल हुए सर्वे के मुताबिक, दिल्ली से जयपुर की तरफ जाने वाले एक लाख वाहनों में से करीब 70 प्रतिशत एंबियंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी की ओर मुड़ते हैं। फ्लाईओवर बनने से इन वाहनों को जाम में फंसने से राहत मिलने की उम्मीद है।

डाउनटाउन भी जुड़ेंगे

निर्माणाधीन डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया को टनल के जरिए मोलसरी एवेन्यू रोड के अंडरपास से जोड़ा जाएगा। डीएलएफ डाउनटाउन इमारत को भी इस अंडरपास से कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे मॉल और आसपास की इमारतों से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सुविधा होगी। दिल्ली के महिपालपुर से एंबियंस मॉल तक फ्लाईओवर बनाने की तैयारी भी NHAI कर रहा है। इसके बनने से द्वारका एक्सप्रेसवे की टनल और महिपालपुर की तरफ से साइबर सिटी, एंबियंस मॉल और उद्योग विहार जाने वाले वाहनों को बेहतर रास्ता मिलेगा।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.