नई दिल्ली | त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने लगी है। दिवाली, भाई दूज और छठ के मौके पर दिल्ली-एनसीआर से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा जाने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है और स्टेशनों पर भी भीड़ का दबाव बढ़ रहा है।

यात्रियों की इस बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए उत्तर रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर के 6 रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री 14 नवंबर तक बंद कर दी है। इस दौरान केवल वैध ट्रेन टिकट वाले यात्रियों को ही प्लेटफॉर्म पर प्रवेश मिलेगा।
नहीं मिलेंगे प्लेटफॉर्म टिकट
- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
- पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
- हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन
- आनंद विहार टर्मिनल
- आनंद विहार हॉल्ट
- गाजियाबाद रेलवे स्टेशन
मोबाइल ऐप तक लगी रोक
इस अवधि में प्लेटफॉर्म टिकट रेलवे काउंटर, मोबाइल ऐप और ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनों से भी नहीं खरीदे जा सकेंगे। रेलवे का मानना है कि यात्रियों को छोड़ने या ट्रेन में चढ़ाने आने वाले रिश्तेदारों और परिचितों की वजह से प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ बढ़ती है। त्योहारों के दौरान इस परेशानी को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, रेलवे ने बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी ध्यान रखा है।
ऐसे यात्रियों की मदद के लिए उनके साथ आने वाले सहायकों को पाबंदी से छूट दी गई है। वहीं, त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें भी चला रहा है और इस सप्ताह इनकी संख्या बढ़ाने की तैयारी है- हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे