गुरुग्राम की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 100 इलेक्ट्रिक बसें, महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर सीट के पास SOS बटन

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में रोजाना सफर करने वाले लोगों को जल्द ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट की नई सुविधा मिलने वाली है। शहर में प्रदूषण कम करने और यात्रियों का सफर आसान बनाने के लिए इलेक्ट्रिक बसें उतारने की तैयारी तेज हो गई है। बता दें कि केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत गुरुग्राम को 100 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं।

Gurugram City Bus

इनमें से 55 बसें सेक्टर-10 स्थित बस डिपो पहुंच चुकी हैं। फिलहाल 40 बसों का शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रायल रन किया जा रहा है। बाकी 15 बसों के रजिस्ट्रेशन और जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

ज्यादा रूटों पर चलेंगी बसें

गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) ने बसों के संचालन के लिए 25 से अधिक रूट तय किए हैं। इन्हें भोंडसी, पटौदी रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास के इलाकों में चलाया जाएगा। इसके अलावा गुरुग्राम से दिल्ली, बहादुरगढ़, मानेसर से द्वारका मेट्रो स्टेशन और बल्लभगढ़ जैसे रूटों पर भी सेवा मिलेगी। यात्रियों की संख्या और फीडबैक के आधार पर रूट में बदलाव किया जा सकेगा।

खास इंतजाम

  • हर सीट के पास SOS पैनिक बटन होगा। इसे दबाने पर कमांड सेंटर को अलर्ट मिलेगा और बस की लोकेशन के आधार पर मदद भेजी जा सकेगी।
  • प्रवेश और निकास द्वार पर लगे AI कैमरे यात्रियों की संख्या दर्ज करेंगे।
  • ऑटोमैटिक लिफ्ट की मदद से व्हीलचेयर इस्तेमाल करने वाले दिव्यांग यात्री आसानी से बस में चढ़ सकेंगे।

1 घंटे में चार्ज होंगी बसें

एक बार फुल चार्ज होने पर ये बसें करीब 150 किलोमीटर चल सकेंगी। सेक्टर-10 डिपो में 18 हाई-पावर चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं, जहां एक साथ 36 बसें चार्ज हो सकती हैं। फास्ट चार्जिंग से बस एक घंटे में और सामान्य मोड में करीब दो घंटे में चार्ज होगी। इसके अलावा सेक्टर-48 में नया इलेक्ट्रिक बस डिपो और चार्जिंग स्टेशन भी तैयार है। डिपो मैनेजर नरेश कुमार के अनुसार, फिलहाल बसों का तकनीकी और रूट ट्रायल चल रहा है। औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा किया जाएगा। इसके बाद सभी 100 बसें चरणबद्ध तरीके से नियमित सेवा में शामिल होंगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.