सोनीपत | किसी इंसान की पहचान उसके हालात से नहीं… उसकी मेहनत और हौसले से बनती है। हरियाणा के सोनीपत की स्वीटी प्रधान ने इसे सच कर दिखाया है। कभी त्योहारों और शादी-ब्याह में घर-घर जाकर बधाई मांगने वाली स्वीटी आज सफल डेयरी संचालक हैं। उन्होंने न सिर्फ खुद को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि कई लोगों को रोजगार देने के साथ जरूरतमंदों का सहारा भी बनी हैं।

मूल रूप से गोहाना के बिचपड़ी गांव की रहने वाली स्वीटी को किन्नर होने के कारण बचपन में परिवार और समाज की बेरुखी झेलनी पड़ी। महज 10 साल की उम्र में उन्हें घर छोड़ना पड़ा। इसके बाद वह किन्नर समाज के साथ रहने लगीं। उन्होंने गुरु बागडो सत्तो माई को अपना गुरु बनाया और उनके साथ रहते हुए पशुपालन का काम सीखा।
चंद भैंसों से शुरू की डेयरी
करीब सात साल पहले गुरु के निधन के बाद पशुओं की जिम्मेदारी स्वीटी के कंधों पर आ गई। उन्होंने हार मानने के बजाय गुरु के काम को आगे बढ़ाने का फैसला किया। शुरुआत में उन्होंने करीब 200 गज जगह पर चंद भैंसों के साथ डेयरी शुरू की। दूध की कमाई को कारोबार में लगाती रहीं और धीरे-धीरे फार्म का विस्तार करती गईं। आज स्वीटी का डेयरी फार्म करीब 2 हजार गज में फैला है। यहां 60 से ज्यादा भैंसों और गायों समेत पशुओं के बच्चों को मिलाकर करीब 90 पशु हैं। इनमें मुर्रा नस्ल की भैंसें भी शामिल हैं। फार्म में रोजाना लगभग 250 लीटर दूध का उत्पादन होता है, जिसे करीब 90 रुपये प्रति लीटर के भाव से बेचा जाता है।
सुबह 3 बजे शुरू होता है काम
स्वीटी का दिन सुबह 3 बजे शुरू होता है और रात करीब 11 बजे उन्हें आराम मिलता है। पशुओं की देखभाल, चारा-पानी, साफ-सफाई और दूध निकालने जैसे कामों में कई लोग जुटे रहते हैं। आज उनके डेयरी कारोबार से 10 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला हुआ है। डेयरी कारोबार के साथ स्वीटी सामाजिक जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। वह एक वृद्धाश्रम और अनाथ आश्रम चलाती हैं, जहां पांच बुजुर्गों और पांच अनाथ बच्चों की देखभाल का खर्च उठाती हैं। उनके छह शिष्य भी उनके साथ रहते हैं।
तानों को मेहनत से दिया जवाब
स्वीटी बताती हैं कि पहले वह त्योहारों और शादी-ब्याह में बधाई मांगने जाती थीं। इस दौरान कई बार लोगों के अपमानजनक शब्द सुनने पड़ते थे। इसी से उन्होंने अपने पैरों पर खड़े होने का फैसला किया। आज वही लोग उनके फार्म पर दूध खरीदने आते हैं। वह हरियाणा में किन्नर समाज को सम्मानजनक पहचान दिलाने की मांग भी करती हैं। परिवार से दूरी का दर्द आज भी उनके मन में है, लेकिन अपने पैतृक गांव बिचपड़ी से उनका जुड़ाव बना हुआ है।