करनाल में जनवरी तक शुरू होगा 34.5 KM लंबा रिंग रोड, 23 गांवों को मिलेगी कनेक्टिविटी

करनाल | शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत तभी मिलती है, जब भारी वाहनों को शहर के बाहर से निकलने का रास्ता मिले। करनाल में भी जल्द ऐसी सुविधा मिलने वाली है, जिससे शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो सकता है। बता दें कि करनाल में करीब 1,800 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 34.5 किलोमीटर लंबा छह लेन का ग्रीनफील्ड रिंग रोड लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

Karnal Greenfield Ring Road

कुटेल रोड पर अंडरपास और बीबीएमबी की हाईटेंशन बिजली लाइन शिफ्ट करने का काम बाकी है। अधिकारियों का दावा है कि जनवरी तक परियोजना पूरी हो जाएगी। यह मार्ग शामगढ़ से शुरू होकर दरड़, नेवल, शेखपुरा और गंजोगढ़ी होते हुए कुटेल तक पहुंचेगा।

तैयार होगा प्रोजेक्ट

इसकी दूसरी अलाइनमेंट पश्चिमी यमुना नहर की पटरी वाली सड़क से जुड़कर बड़ौता, खरकाली और झिमरहेड़ी होते हुए मुख्य रिंग रोड से मिलेगी। इससे मेरठ, कैथल, कुंजपुरा और इंद्री रोड की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। एनएचएआई के अधिकारी भानू के मुताबिक, कुटेल रोड पर हल्के वाहनों के लिए अंडरपास बनाया जा रहा है। इसके अलावा, बीबीएमबी की हाईटेंशन बिजली लाइन शिफ्ट होनी है। दोनों काम पूरे होने के बाद रिंग रोड तैयार हो जाएगा।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

भारतमाला परियोजना के तहत बन रहे इस मार्ग का निर्माण एचजी इंफ्रा कंपनी कर रही है। गंजोगढ़ी के पास 50 हेक्टेयर जमीन पर लॉजिस्टिक पार्क बनाने का प्रस्ताव है। यहां गोदाम और कोल्ड स्टोर विकसित किए जाएंगे, जिससे किसानों और कारोबारियों को फायदा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। रिंग रोड शुरू होने पर दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले भारी वाहनों को करनाल शहर के अंदर से नहीं गुजरना पड़ेगा।

इससे एनएच-44 और शहर की आंतरिक सड़कों पर जाम कम होने की उम्मीद है। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के मुताबिक, परियोजना का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में आता है, जिससे आसपास के गांवों को भी विकास का लाभ मिलेगा।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.