चरखी दादरी | शहर की सड़कों पर सफर करते समय लोगों को ट्रैफिक, पार्किंग और साफ-सफाई जैसी कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब हरियाणा के चरखी दादरी में इन समस्याओं को कम करने के लिए एक खास पहल होने जा रही है। यहां प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड बनाई जाएगी, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ सड़क का पूरा लुक भी बदला नजर आएगा।

बता दें कि चरखी दादरी में करीब 5 किलोमीटर लंबे मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 32.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने की योजना है।
खर्च होंगे 32.26 करोड़
इसमें सड़क सुरक्षा, जल निकासी, पार्किंग और शहर के सौंदर्यीकरण का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सड़क के दोनों किनारों पर भूमिगत डक्ट बनाई जाएंगी। इनमें बिजली की तारें, टेलीकॉम केबल और पानी की पाइपलाइन रखी जाएंगी। भविष्य में एलपीजी पाइपलाइन के लिए भी जगह होगी। इससे मरम्मत या नई लाइन बिछाने के लिए बार-बार सड़क खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पूरे मार्ग पर साइन बोर्ड, लेन मार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग बनाई जाएगी। इन पर थर्मोप्लास्टिक पेंट लगाया जाएगा, जो वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकेगा। वहीं, सामान्य बिजली के खंभों की जगह सजावटी पोल और LED लाइटें लगाई जाएंगी।
मिलेगा म्यूजिक सिस्टम
स्मार्ट बाजार में रेलवे स्टेशन से परशुराम चौक और काठ मंडी तक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया जाएगा। इसमें धीमा संगीत बजेगा और जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक व आपात स्थिति की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा पूरे 5 किलोमीटर मार्ग पर फ्री Wi-Fi और हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे, जो कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। हरियाणा में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की शुरुआत 2016 में हुई थी, लेकिन उस समय सड़क निर्माण का काम आगे नहीं बढ़ सका। 2024 में छोटे शहरों में भी एक-एक सड़क और बाजार विकसित करने की योजना बनाई गई। इसी कड़ी में चरखी दादरी की सड़क का बजट सबसे पहले मंजूर हुआ।