गेहूं और जौ की खेती से बढ़ेगी किसानों की कमाई, करनाल में 38 किसानों को मिल रहा प्रशिक्षण

करनाल | खेती में मौसम का बदलता मिजाज किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। कभी बेमौसम बारिश तो कभी तापमान में बदलाव फसलों की पैदावार पर असर डालता है। ऐसे में बेहतर उत्पादन के लिए किसानों का नई तकनीक और उन्नत बीजों से जुड़ना जरूरी हो गया है। बता दें कि हरियाणा के करनाल स्थित भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान में 13 और 14 नवंबर को दो दिवसीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

Wheat Farming 2

इसमें उत्तर प्रदेश के लखनऊ, सीतापुर और शाहजहांपुर जिलों से आए 38 प्रगतिशील किसान हिस्सा ले रहे हैं। राज्य कृषि विकास योजना के तहत भावना सेवा संस्थान लखनऊ की ओर से प्रायोजित इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. ओमवीर सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।

खेती करने के मिलेंगे गुर

प्रशिक्षण के दौरान किसानों को समय पर बिजाई, अच्छे बीज का चुनाव, संतुलित खाद प्रबंधन, सिंचाई, जल संरक्षण और खरपतवार नियंत्रण के तरीके सिखाए जाएंगे। इसके अलावा फसलों को कीट और बीमारियों से बचाने की जानकारी भी दी जाएगी। इस प्रशिक्षण में छिलका रहित जौ पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वैज्ञानिक किसानों को बताएंगे कि इसमें मौजूद बीटा-ग्लूकन जैसे घुलनशील आहार रेशे पोषण के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

वहीं, जौ से पौष्टिक खाद्य उत्पाद तैयार करने, खाद्य एवं औद्योगिक उपयोग और मूल्य संवर्धन की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी। इससे किसानों को जौ की खेती के जरिए अतिरिक्त आय के रास्ते समझने में मदद मिलेगी।

सीधे सवाल पूछ सकेंगे किसान

प्रशिक्षण समन्वयक डॉ. अनुज कुमार के मुताबिक, संस्थान के वैज्ञानिक नवीन अनुसंधान और आधुनिक खेती की तकनीकों पर व्याख्यान देंगे। संवादात्मक सत्रों में किसान अपनी समस्याएं सीधे वैज्ञानिकों के सामने रख सकेंगे और उनके समाधान जान पाएंगे। कार्यक्रम का समन्वय मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. मंगल सिंह कर रहे हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.