चरखी दादरी | हरियाणा में शादियां अक्सर अपनी मेहमाननवाजी और खास इंतजामों के लिए चर्चा में रहती हैं लेकिन बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा के लग्न समारोह में कुछ ऐसी परंपराएं देखने को मिलीं, जिन्होंने लोगों का ध्यान खींचा। यहां हजारों मेहमानों के स्वागत के साथ सादगी और खानपान का भी खास ध्यान रखा गया। बता दें कि शनिवार को गांव पातुवास में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत 20 हजार से अधिक मेहमान शामिल हुए।

विधायक ने कन्यादान के नाम पर किसी से 10 रुपये से ज्यादा नहीं लिए। वहीं, मेहमानों के लिए गाय के देसी घी से तैयार व्यंजन परोसे गए और कोल्ड ड्रिंक व जंक फूड की कोई स्टॉल नहीं लगाई गई।
40 मिनट तक रहे CM
मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे काफिले के साथ विधायक के आवास पर पहुंचे। उन्होंने सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। करीब 40 मिनट रुकने के बाद सीएम रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने डॉ. दीक्षा को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह के लिए चार एकड़ में टेंट लगाया गया था, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए 10 एकड़ जगह तय की गई। भोजन के लिए एक ही पंडाल में सात अलग-अलग स्टॉल लगाए गए। इनमें देसी घी से बना मूंग का हलवा, बर्फी और लड्डू खास आकर्षण रहे।
आज दादरी के गांव पतुवास में टीम हरियाणा के हमारे साथी, बाढड़ा से विधायक श्री उमेद सिंह पातुवास जी की सुपुत्री के विवाह समारोह में शामिल होकर सुखी वैवाहिक जीवन के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी।💐 https://t.co/0nGdIIWTvA
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) November 14, 2026
108 गांवों में कराई गई मुनादी
समारोह का निमंत्रण देने के लिए विधायक की ओर से 108 गांवों में मुनादी कराई गई थी। आयोजन में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सांसद धर्मबीर सिंह, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और सत्ता पक्ष-विपक्ष के कई नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।