PGI चंडीगढ़ में WhatsApp पर होगी मरीजों की शिकायत, दो घंटे में मिलेगा समाधान

चंडीगढ़ | पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ तो अपने आप में बेहद खास है। इसी बीच PGI में इलाज के दौरान छोटी-छोटी प्रशासनिक परेशानियों के लिए मरीजों और उनके परिजनों को अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। दवा मिलने में देरी हो या इलाज की मंजूरी से जुड़ी समस्या, अब एक WhatsApp मैसेज के जरिए अस्पताल प्रबंधन तक अपनी बात पहुंचाई जा सकेगी।

PGIMER Chandigarh

बता दें कि पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ ने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए ‘आयुषसाथी’ नाम से डिजिटल शिकायत निवारण सुविधा शुरू की है। यह AI-सक्षम प्रणाली मरीजों की शिकायतों को सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएगी।

इस्तेमाल करना आसान

इसकी खास बात यह है कि मरीज लिखित शिकायत के साथ अपनी आवाज में भी परेशानी बता सकेंगे। इस सुविधा का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। अस्पताल के वार्डों में लगाए गए QR कोड को स्कैन करके मरीज या उनके तीमारदार WhatsApp पर पहुंच सकते हैं। यहां वे अपनी पसंद की भाषा में मैसेज या वॉयस नोट भेजकर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इससे हिंदी या अंग्रेजी में लिखने में परेशानी महसूस करने वाले मरीजों को भी राहत मिलेगी।

24 घंटे सक्रिय

पीजीआई के निदेशक डॉ. विवेक लाल के मुताबिक, शिकायत दर्ज होते ही 24 घंटे और सातों दिन सक्रिय रहने वाले लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी मिल जाएगी। इससे दवाइयों, रजिस्ट्रेशन, इलाज की मंजूरी और डिस्चार्ज में होने वाली देरी जैसी समस्याओं पर कार्रवाई आसान होगी। इस सुविधा के पायलट प्रोजेक्ट में दर्ज कुल शिकायतों में से 50 प्रतिशत का समाधान दो घंटे के भीतर किया गया। वहीं, लगभग सभी शिकायतें 24 घंटे में निपटा दी गईं।

इसका एक उदाहरण हेपेटोलॉजी विभाग में देखने को मिला, जहां पित्ताशय की सर्जरी के लिए भर्ती मरीज को जरूरी स्टेंट नहीं मिल रहा था। दो दिनों से टल रहे ऑपरेशन को लेकर मरीज ने आयुषसाथी पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद महज दो घंटे में स्टेंट उपलब्ध करा दिया गया।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.