हिसार | हर शहर के इतिहास में कुछ ऐसे पल होते हैं, जिन्हें लोग सालों बाद भी याद करते हैं। हिसार के इतिहास में भी एक ऐसा ही खास दिन दर्ज है, जब आजादी से पहले देश के बड़े नेताओं में शामिल पंडित जवाहरलाल नेहरू यहां पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शहर के लोगों से मुलाकात की और सातरोड की एक शिल्पशाला के काम को देखकर उसकी सराहना भी की थी।

बता दें कि 21 जनवरी 1946 को पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्रता सेनानी बलवंत राय तायल और आजाद हिंद फौज के सैनिकों की रिहाई के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने हिसार आए थे। कटला रामलीला मैदान में हुए इस समारोह में शहर के लोगों की बड़ी भागीदारी रही थी।
प्रभावित हुए थे नेहरू
कार्यक्रम के बाद पंडित नेहरू ने हिसार के कई इलाकों का दौरा किया और गांव सातरोड भी पहुंचे। यहां लाला हरदेव सहाय की ओर से स्थापित शिल्पशाला में उनका स्वागत किया गया। शिक्षा और कौशल विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखकर नेहरू काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने शिल्पशाला की तारीफ में लिखित संदेश भी दिया था। इसमें उन्होंने कहा था कि इस तरह के विद्यालय हर जगह होने चाहिए और उम्मीद जताई थी कि यह काम आगे बढ़ेगा, जिससे इलाके के लोगों को लाभ मिलेगा।
रिहाई से जुड़ा था कार्यक्रम
इतिहासकार और डीएन कॉलेज के प्रोफेसर महेंद्र सिंह के मुताबिक, यह समारोह सामान्य आयोजन नहीं था। स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व विधायक बलवंत राय तायल भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गिरफ्तार हुए थे। उनकी रिहाई का मामला इंग्लैंड की संसद तक पहुंचा था। वहीं, आजाद हिंद फौज के सैनिकों की रिहाई भी उस समय देशभर में चर्चा का विषय थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू का हिसार दौरा केवल 1946 तक सीमित नहीं रहा।
आजादी के बाद वर्ष 1951 में वे दोबारा शहर पहुंचे थे। उस समय देश में आम चुनाव हो रहे थे और वे चुनाव प्रचार के सिलसिले में हिसार आए थे। उनके दोनों दौरे आज भी शहर के इतिहास की खास घटनाओं में गिने जाते हैं।