भिवानी, HTET 2026 | हरियाणा में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए परीक्षा की तैयारी तेज करने का समय आ गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत दिसंबर में दो दिनों तक अलग-अलग स्तर की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, 26 और 27 दिसंबर को लेवल-3, लेवल-2 और लेवल-1 की परीक्षाएं होंगी। बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
नोट करें समय
परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 26 दिसंबर शनिवार को शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-3 की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं, 27 दिसंबर रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 का एग्जाम होगा। इसी दिन शाम 3 बजे से 5:30 बजे तक लेवल-1 की परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने स्तर के अनुसार परीक्षा का समय नोट कर लेना चाहिए।
आवेदन पोर्टल तैयार
HTET 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल तैयार किया जा रहा है और फिलहाल उसका परीक्षण चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, बुधवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। हालांकि, आवेदन शुरू होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।