हरियाणा को मिला दूसरा आधुनिक ई- बस डिपो, 50 बसें मिलते ही यमुनानगर में बदलेगा सफर

यमुनानगर | हरियाणा में सार्वजनिक परिवहन को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसों का नेटवर्क बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में जगाधरी को आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो की सौगात मिली है। इससे आने वाले समय में यमुनानगर और आसपास के क्षेत्रों में सफर करना आसान होने की उम्मीद है। बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ महापर्व के कार्यक्रम के बाद रविवार शाम करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से बने इस डिपो का लोकार्पण किया।

Electric Bus Depot

2024 में जगाधरी से पांच इलेक्ट्रिक बसों के साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत हुई थी। उसी साल 12 मार्च को डिपो का निर्माण शुरू हुआ था। डिपो में आधुनिक कार्यशाला, छह चार्जिंग स्टेशन, वाशिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन बनाया गया है।

चार्ज होंगी 6 बसें

सरकार प्रदेश में हर 50 किलोमीटर पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। पानीपत के बाद यह प्रदेश का दूसरा ई-बस डिपो है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 10 शहरों में फिलहाल 155 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस साल के अंत तक इनकी संख्या 375 करने का लक्ष्य है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर समेत सात शहरों के लिए 450 बसें मंजूर हुई हैं। इनमें से 50 बसें यमुनानगर को मिलेंगी।

इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में डिपो तैयार होंगे। अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में भी डिपो बनाए जाएंगे। सीएम ने बताया कि 12 वर्षों में 34 शहरों में 492 करोड़ रुपये से नए बस अड्डे बनाए गए हैं।

किसानों के लिए योजनाएं

2022 में ई-टिकटिंग शुरू हुई। रोडवेज 39 श्रेणियों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा देती है। हैप्पी कार्ड के तहत गरीब परिवारों को सालाना 1000 किलोमीटर मुफ्त यात्रा मिलती है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 कार्ड बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन टेक्नोलॉजी से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 से 80 प्रतिशत सब्सिडी पर 1.5 लाख उपकरण दिए गए हैं। पराली बेचने पर प्रति एकड़ 3000 रुपये तक लाभ और सरकार की ओर से 1200 रुपये की सहायता दी जा रही है।

समारोह में नाम लेने में हुई चूक

कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा से संबोधन में दो बार नाम लेने में चूक हो गई। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा को पूर्व जिलाध्यक्ष बताया। इसके बाद डीसी प्रीति को प्रीति जौहर कहकर संबोधित किया। इस पर मंच पर मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई और राजेश सपरा भी हंसते हुए खड़े हो गए।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.