महेंद्रगढ़ | IAS, IPS और HCS अधिकारी बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब आर्थिक परेशानी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी छोड़ने की जरूरत नहीं होगी। महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में मुफ्त कोचिंग के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। बता दें कि विश्वविद्यालय में डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (DACE) के तहत अनुसूचित जाति (SC) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को UPSC और HCS की तैयारी करवाई जाएगी।

इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। इस योजना का लाभ SC और OBC वर्ग के ऐसे विद्यार्थी उठा सकते हैं, जिनके परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपये या इससे कम है।
4 हजार की छात्रवृत्ति
वहीं, ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। कोचिंग के लिए चयनित विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन की ओर से हर महीने 4 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा किसी भी वर्ग के 50 विद्यार्थी फीस देकर सीधे प्रवेश ले सकेंगे।
चल रहा है कोचिंग सेंटर
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने नए सत्र के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, केंद्र के समन्वयक प्रो. अंतरेश कुमार ने बताया कि यह सेंटर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित है। यहां पिछले चार वर्षों से विद्यार्थियों को IAS, IPS और HCS की तैयारी करवाई जा रही है। योजना की पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी के लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।